सीकर में 5 करोड़ की फिरौती केस में बड़ा खुलासा, वीडियो में देंखे फाइनेंसर गिरफ्तार; नाबालिग से कराई गई थी ज्वेलरी शोरूम की रेकी
राजस्थान के सीकर में ज्वेलरी शोरूम संचालक से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रोहित गोदारा गैंग से जुड़े इस मामले में पुलिस ने एक फाइनेंसर को गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर रेकी कराने और गैंग की गतिविधियों में आर्थिक मदद की थी। पुलिस के अनुसार, गैंग के हिस्ट्रीशीटर राहुल रिणाउ ने ज्वेलरी शोरूम मालिक को धमकाकर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। मामले की जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं।
नाबालिग छात्र से कराई गई थी रेकी
जांच में सामने आया है कि राहुल रिणाउ के जीजा शिव गौतम ने ज्वेलरी शोरूम की रेकी कराने के लिए एक नाबालिग छात्र का इस्तेमाल किया था। आरोप है कि शिव गौतम ने नाबालिग को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई और उसे शोरूम व उसके मालिक की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगाया।पुलिस ने मामले में शामिल नाबालिग छात्र को भी डिटेन कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
DST टीम ने दबिश देकर पकड़ा आरोपी
सीकर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Tejpal Singh ने बताया कि जिला स्पेशल टीम (DST) ने गुरुवार रात कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव गौतम को गिरफ्तार किया।पुलिस को सूचना मिली थी कि शिव गौतम अपने कुछ साथियों के साथ शहर के बाहरी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद टीम ने मौके पर दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया।
कोर्ट ने दो दिन की रिमांड पर भेजा
गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने शिव गौतम को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फिरौती की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा गैंग के अन्य सदस्यों से आरोपी के क्या संबंध थे।
गोदारा गैंग के नेटवर्क की जांच जारी
जांच एजेंसियां इस मामले को रोहित गोदारा गैंग की गतिविधियों से जोड़कर देख रही हैं। पुलिस का मानना है कि रेकी, धमकी और फिरौती की योजना सुनियोजित तरीके से बनाई गई थी।जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि गैंग के नेटवर्क और उसके सहयोगियों के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके।
व्यापारियों में बढ़ी थी चिंता
5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की घटना के बाद स्थानीय व्यारियों में चिंता का माहौल बन गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में तेजी से कार्रवाई कर मुख्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और जांच में आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

