Samachar Nama
×

रणथंभौर में सफारी के पहले दिन जिप्सी के सामने आया बाघ शुभ, फुटेज में देंखे15 मिनट तक टूरिस्ट के सामने टहलता रहा

रणथंभौर में सफारी के पहले दिन जिप्सी के सामने आया बाघ शुभ, फुटेज में देंखे15 मिनट तक टूरिस्ट के सामने टहलता रहा

रणथंभौर में टूरिस्ट सीजन शुरू होते ही पहले दिन सैलानियों को रोमांचक टाइगर साइटिंग देखने को मिली। रणथंभौर नेशनल पार्क के जोन नंबर 3 में सफारी के दौरान बाघ शुभ (RBT 2505) अचानक पर्यटकों की जिप्सी के सामने आ गया। बाघ को इतनी नजदीक देखकर जिप्सी में बैठे पर्यटकों की सांसें थम गईं। कुछ देर बाद बाघ जिप्सी की ओर बढ़ने लगा तो ड्राइवर को वाहन पीछे लेना पड़ा।जानकारी के अनुसार, यह रोमांचक नजारा जोन नंबर 3 में जोगी महल चैन के पास देखने को मिला। सफारी के दौरान पर्यटकों की जिप्सी पगडंडी से गुजर रही थी। इसी दौरान बाघ शुभ सामने आ गया। शुरुआत में बाघ जिप्सी के आसपास घूमता रहा। इसके बाद वह धीरे-धीरे जिप्सी की तरफ बढ़ने लगा। बाघ को अपनी ओर आता देखकर ड्राइवर ने सावधानी बरतते हुए जिप्सी पीछे कर ली।

करीब 15 मिनट तक टूरिस्ट के सामने रहा बाघ

बताया गया कि बाघ करीब 15 मिनट तक पर्यटकों के सामने टहलता रहा। इस दौरान जिप्सी में बैठे पर्यटक रोमांचित नजर आए और उन्होंने इस पूरे नजारे को अपने कैमरों में कैद कर लिया। जंगल के बीच इतने करीब से बाघ को देखने का मौका मिलने से पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला।सीजन के पहले ही दिन हुई इस शानदार टाइगर साइटिंग से रणथंभौर घूमने पहुंचे सैलानियों में उत्साह बढ़ गया है। बाघ शुभ की साइटिंग का वीडियो भी पर्यटकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

रिद्धि और गणेश का बेटा है शुभ

रणथंभौर में बाघ शुभ को RBT 2505 के नाम से भी जाना जाता है। शुभ को रणथंभौर की मशहूर लेक क्वीन बाघिन रिद्धि (T-124) और बाघ गणेश (T-120) का बेटा बताया जाता है। रिद्धि रणथंभौर की प्रसिद्ध बाघिनों में शामिल रही है और झील क्षेत्र में उसकी साइटिंग पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय रही है।शुभ अब रणथंभौर के जोन नंबर 3 में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है। जोगी महल चैन के पास टूरिस्ट जिप्सी के सामने उसकी साइटिंग ने सफारी के पहले दिन को पर्यटकों के लिए यादगार बना दिया।

तीन महीने बंद रहती है सफारी

मानसून के दौरान रणथंभौर के जोन नंबर 1 से 5 तक पर्यटन गतिविधियां करीब तीन महीने के लिए बंद रहती हैं। मानसून सीजन समाप्त होने के बाद जब इन जोन में पर्यटन फिर से शुरू हुआ तो पहले ही दिन बाघ की शानदार साइटिंग ने सैलानियों का उत्साह बढ़ा दिया।रणथंभौर में टूरिस्टों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कुछ दिनों के लिए ऑनलाइन बुकिंग बंद किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। ऐसे में सफारी सीजन की शुरुआत के साथ ही रणथंभौर में पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। पहले दिन शुभ की साइटिंग ने यह साफ कर दिया कि आने वाले दिनों में भी टाइगर सफारी पर्यटकों के लिए रोमांच से भरपूर रहने वाली है।

Share this story

Tags