Samachar Nama
×

Ranchi खूंटी से कालीचरण मुंडा बने कांग्रेस के प्रत्याशी

Ranchi खूंटी से कालीचरण मुंडा बने कांग्रेस के प्रत्याशी
झारखंड न्यूज़ डेस्क,  झारखंड में कांग्रेस ने भले ही तीन सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है मगर गठबंधन के दलों पर अभी भी सीटों को लेकर खींचतान जारी है। महागठबंधन के घटक दल अपने-अपने दावे कर रहे हैं। झामुमो जहां किसी प्रकार का कोई फार्मूला तय नहीं होने की बात कर रहा है, वहीं राजद चतरा-पलामू सीट खुद के खाते में आने का दावा कर रहा है, जबकि कांग्रेस सीटों पर प्रत्याशी फाइनल कर रही है। इस बीच झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि अभी तकनीकी रूप से इंडिया में सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है। उधर, राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि उनकी पार्टी की पलामू और चतरा सीट पर दावेदारी पुख्ता है। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि पार्टी के अन्य प्रत्याशियों का नाम जल्द घोषित होगा।

झारखंड में ह्यइंडियाह्ण के घटक दलों में सीटों को लेकर चल रही रस्साकशी के बीच बुधवार देर शाम कांग्रेस ने राज्य की तीन सीटों के लिए प्रत्याशी का ऐलान कर दिया। खूंटी से कालीचरण मुंडा को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं हाल ही में भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए जय प्रकाश भाई पटेल को हजारीबाग और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव भगत को लोहरदगा से उम्मीदवार बनाया गया है।

दिल्ली में सीईसी की बैठक के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने केसी वेणुगोपाल ने तीनों नामों का ऐलान किया। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय समिति की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, महासचिव केसी वेणुगोपाल और स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन केपी राणा के अलावा झारखंड के प्रभारी गुलाम अहमद मीर, झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर और झारखंड कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम शामिल हुए। इसमें नामों पर मंथन हुआ।

सीटों के ऐलान के बाद राजेश ठाकुर ने कहा कि शेष सीटों के उम्मीदवारों के नाम का ऐलान एक-दो दिन में कर दिया जाएगा। वहीं, आलमगीर आलम ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो में पहले ही सीट शेयरिंग को लेकर फार्मूला फाइनल हो गया है, जल्द बचे नामों का ऐलान होगा।

जयप्रकाश भाई पटेल

जयप्रकाश भाई पटेल पिछले दिन ही कांग्रेस में शामिल हुए। पटेल 2011 के विधानसभा उपचुनाव से ही मांडू से विधायक रहे हैं।

सुखदेव भगत

सुखदेव भगत दूसरी बार कांग्रेस प्रत्याशी बने हैं। वे 2019 में लोकसभा चुनाव में भाजपा के सुदर्शन भगत से 10363 वोटों से हार गये थे।

कालीचरण मुंडा

कालीचरण मुंडा खूंटी से तीसरी बार कांग्रेस के प्रत्याशी बनाये गये हैं। वे 2014 और 2019 में भी कांग्रेस के प्रत्याशी थे। पर हार गए थे।

रांची लोकसभा सीट पर सस्पेंस बरकरार

लोकसभा की तीन सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों का ऐलान तो हो गया मगर रांची सीट पर सस्पेंस बना हुआ है। रांची से 2004 से ही सुबोधकांत सहाय प्रत्याशी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने 2004 और 2009 चुनाव में जीत दर्ज की थी, मगर 2014 और 2019 में हार गए थे। इस बार इस सीट से सुबोधकांत के अलावा कई लोग टिकट की दौड़ में शामिल बताए जा रहे है। इसलिए यहां अबतक सस्पेंस बना हुआ है।

इसि बीच, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी बुधवार को ही कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर से दिल्ली में मुलाकात की है। पूर्व रजिस्ट्रार डॉ अमर कुमार चौधरी ने भी मीर से मिल चुनाव लड़ने की इच्छा जतायी है। केशव महतो कमलेश भी रांची सीट से ताल ठोक रहे हैं। ऐसे में सस्सेंस ज्यादा बढ़ गया है।रांची न्यूज़ डेस्क!!!

Share this story