Samachar Nama
×

Ranchi पुराने के साथ नए चेहरों को शामिल करने पर मंथन

Ranchi पुराने के साथ नए चेहरों को शामिल करने पर मंथन

झारखण्ड न्यूज़ डेस्क, मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन 16 फरवरी को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। चंपाई कैबिनेट इस समय सूबे की सियासत में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। झामुमो सूत्रों के मुताबिक पार्टी पुराने चेहरों पर ही ज्यादा भरोसा करेगी।  कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पुराने मंत्रियों को ही मौका देने या दो नए चेहरे को शामिल करने को लेकर विमर्श जारी है। ज्ञात है कि मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन दो फरवरी को मंत्रिपरिषद के दो सदस्यों आलमगीर आलम और सत्यानंद भोक्ता के साथ दो फरवरी को शपथ ली थी। आलमगीर आलम कांग्रेस विधायक दल और सत्यानंद भोक्ता राजद कोटे से मंत्री बनाए गए हैं। पूर्ववर्ती हेमंत सोरेन सरकार में भी दोनों महत्वपूर्ण पदों पर थे। चंपाई ने पांच फरवरी को अपनी सरकार का विश्वास मत हासिल किया। तब बहुमत के तत्काल बाद मंत्रिमंडल विस्तार की योजना थी। आठ फरवरी की तिथि तय हुई, लेकिन कांग्रेस में पेंच फंसने के कारण विचार-विमर्श की आवश्यकता महसूस की गई। इसके बाद चंपाई मंत्रिमंडल के सदस्यों का शपथ ग्रहण 16 फरवरी निर्धारित किया गया है। मंत्रियों के नाम तय करने में इतना तय है कि पूर्व के सामाजिक समीकरणों के आधार बनाया जाएगा।

झामुमो फेरबदल के पक्ष में नहीं

जानकारी के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ज्यादा फेरबदल करने के पक्ष में नहीं। पुराने मंत्रियों को दोहराए जाने के अलावा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाई और दुमका के विधायक बसंत सोरेन और उनकी भाभी जामा की विधायक सीता सोरेन को जगह दी जा सकती है। मंत्रियों के नामों को लेकर झामुमो की ओर से आधिकारिक जानकारी की प्रतिक्षा की जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल में झामुमो कोटे से चंपाई सोरेन, बेबी देवी, जोबा मांझी, मिथिलेश कुमार ठाकुर और हफीजुल हसन मंत्री थे।

कांग्रेस में पुराने मंत्रियों पर संशय

चंपाई सोरेन सरकार में कांग्रेस कोटे से मंत्रियों की तस्वीर साफ नहीं हुई है। कांग्रेस में सभी पुराने मंत्रियों को दोहराने पर संशय है। नए चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने को लेकर विमर्श चल रहा है। महिला विधायकों में से एक को चुना जा सकता है। कहा जा रहा है कि कम से कम दो चेहरे बदलेंगे। कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व अंतिम निर्णय लेगा। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर विमर्श कर रहे हैं। रांची न्यूज़ डेस्क!!!

Share this story