Samachar Nama
×

पाली कलेक्टर के सामने हाथ जोड़कर रो पड़े बुजुर्ग दंपती, पेंशन शुरू कराने की लगाई गुहार; भावुक कर देने वाला VIDEO

पाली कलेक्टर के सामने हाथ जोड़कर रो पड़े बुजुर्ग दंपती, पेंशन शुरू कराने की लगाई गुहार; भावुक कर देने वाला VIDEO

पाली जिला कलेक्टर रविन्द्र गोस्वामी का एक संवेदनशील और भावुक करने वाला वीडियो सामने आया है। नगर निगम के औचक निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग दंपती ने उनके सामने हाथ जोड़कर पेंशन शुरू कराने की गुहार लगाई। कलेक्टर ने उनकी समस्या सुनी और तत्काल समाधान का आश्वासन दिया।जानकारी के अनुसार, बुधवार को जिला कलेक्टर रविन्द्र गोस्वामी नगर निगम के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान नया गांव निवासी वृद्धा टीपू देवी और उनके पति हनुमानराम उनसे मिले। दंपती लंबे समय से पेंशन शुरू नहीं होने की समस्या से परेशान थे और कई बार कार्यालयों के चक्कर काट चुके थे

बुजुर्ग दंपती ने हाथ जोड़कर अपनी परेशानी बताई और पेंशन शुरू कराने की मांग की। उनकी बात सुनने के बाद कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि आज ही उनका काम किया जाए और उन्हें दोबारा चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

कलेक्टर के इस आश्वासन को सुनकर वृद्ध दंपती भावुक हो गए। उनकी आंखों में आंसू आ गए और राहत महसूस करते हुए वृद्धा टीपू देवी जिला कलेक्टर के पैर छूकर धन्यवाद देने लगीं। इस पर रविन्द्र गोस्वामी ने तुरंत झुककर उनके हाथ पकड़ लिए और कहा कि चिंता मत कीजिए, आपका काम हो जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम की सबसे खास बात यह रही कि बुजुर्ग दंपती को यह पता ही नहीं था कि जिनसे वे अपनी समस्या बता रहे हैं, वे जिले के कलेक्टर हैं। वे उन्हें एक सामान्य अधिकारी समझकर अपनी परेशानी साझा कर रहे थे।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग जिला कलेक्टर के व्यवहार और संवेदनशीलता की सराहना कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के आम जनता से सीधे संवाद का यह उदाहरण लोगों के बीच सकारात्मक संदेश दे रहा है।

Share this story

Tags