पाली में अनोखी बारात, वीडियो में देखेंहेलीकॉप्टर-लग्जरी कार छोड़ 8 सजी-धजी बैलगाड़ियों में निकली बारात, विंटेज कार से पहुंचा दूल्हा
राजस्थान के पाली जिले में एक बिजनेसमैन ने अपने बेटे की शादी को यादगार बनाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। आमतौर पर शादियों में हेलीकॉप्टर और लग्जरी गाड़ियों से बारात निकालने का चलन देखने को मिलता है, लेकिन यहां दूल्हे की बारात 8 सजी-धजी बैलगाड़ियों में निकाली गई। दूल्हा खुद विंटेज कार में सवार होकर पहुंचा। इस अनोखी बारात को देखने के लिए गांव में करीब 2 किलोमीटर तक सड़कों के किनारे लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इस पल को अपने मोबाइल फोन में कैद किया।
यह मामला सुमेरपुर के बांकली गांव का है। यहां 21 नवंबर को गोवा में रेडीमेड गारमेंट का कारोबार करने वाले समाराम उर्फ चंदनलाल के बेटे कुणाल उर्फ किशोर की शादी थी। समाराम की इच्छा थी कि बेटे की शादी कुछ अलग अंदाज में हो, ताकि गांव के लोग इस आयोजन को लंबे समय तक याद रखें। इसी सोच के साथ उन्होंने बारात के लिए बैलगाड़ियों का इंतजाम किया।
लालपुरा से मंगवाई गईं 8 बैलगाड़ियां
समाराम घांची ने बताया कि उन्होंने नाना-बेड़ा के पास स्थित लालपुरा से 8 बैलगाड़ियां मंगवाई थीं। हर बैलगाड़ी का किराया 10 हजार रुपए दिया गया। इन सभी बैलगाड़ियों को शादी के लिए सजाया गया था। वहीं, दूल्हे के लिए विंटेज कार शिवगंज से मंगवाई गई थी।
बारात जब गांव की गलियों से निकली तो उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण घरों से बाहर आ गए। करीब 2 किलोमीटर तक सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ लगी रही। कई लोग अपने मोबाइल फोन से बैलगाड़ियों और विंटेज कार में सवार दूल्हे की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए।
सुबह 11 बजे कुणाल और समीक्षा ने लिए फेरे
बारात गांव की गलियों से होते हुए शिवलाल बोराणा के घर पहुंची। यहां शादी की रस्में पूरी की गईं। सुबह 11 बजे कुणाल और समीक्षा ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
शादी के बाद दूल्हा कुणाल विंटेज कार में दुल्हन समीक्षा को लेकर अपने घर पहुंचा। इस तरह पारंपरिक बैलगाड़ियों और पुरानी शाही कार के मेल ने शादी को खास बना दिया।
दूल्हा पिता के कारोबार में बंटाता है हाथ
कुणाल अपने पिता के रेडीमेड गारमेंट कारोबार में हाथ बंटाता है। वहीं, दुल्हन समीक्षा ने बीएससी की पढ़ाई की है। समाराम ने बताया कि उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटे की शादी को यादगार बनाने के लिए उन्होंने यह अलग आयोजन किया।
गांव में निकली इस बारात की चर्चा अब लोगों के बीच हो रही है। आधुनिक शादियों के दौर में बैलगाड़ियों से बारात निकालने के इस अंदाज ने परंपरा और अनोखेपन का खूबसूरत मेल पेश किया।

