पाली में किराए के विवाद में मकान मालिक पर 4 फायर, दुकान में घुसकर भी नहीं छोड़ा; CCTV में कैद पूरी वारदात
पाली के सोजत रोड इलाके में बकाया किराए को लेकर हुए विवाद में एक किराएदार ने अपने मकान मालिक पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। मकान मालिक जान बचाने के लिए भागकर एक दुकान में घुस गया, लेकिन आरोपी किराएदार भी उसके पीछे पिस्टल लेकर दुकान में पहुंच गया और फायरिंग कर दी। आरोपी ने मकान मालिक पर कुल चार गोलियां चलाईं। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो अब सामने आया है।
दो साल से किराया नहीं देने को लेकर हुआ विवाद
घटना मंगलवार सुबह सोजत रोड इलाके के सुभाष मार्ग की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, घायल मकान मालिक पूरन मारू का सुभाष मार्ग पर मकान है। मकान के एक कमरे में अमित नाम का युवक करीब दो साल से किराएदार के तौर पर रह रहा था।रिपोर्ट के मुताबिक, अमित ने पिछले दो साल से मकान का किराया नहीं दिया था। इसी बकाया किराए को लेकर मंगलवार को पूरन मारू उससे बातचीत करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया।
गाली देने के बाद पिस्टल लेकर आया आरोपी
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, किराए को लेकर बातचीत के दौरान अमित भड़क गया और पूरन मारू को गालियां देने लगा। आरोप है कि उसने धमकी देते हुए कहा कि वह नया-नया पैसे वाला बना है और आज उसका खेल खत्म कर देगा।इसके बाद अमित पिस्टल लेकर आया। पिस्टल देखते ही पूरन मारू वहां से अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। उन्होंने खुद को बचाने के लिए पास की एक दुकान में घुसने की कोशिश की।
दुकान में घुसकर भी की फायरिंग
CCTV फुटेज में घटना का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। पूरन मारू जान बचाने के लिए दुकान के भीतर पहुंचते हैं। उनके पीछे आरोपी अमित भी पिस्टल लेकर दुकान में दाखिल होता है और फायरिंग शुरू कर देता है।रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने मकान मालिक पर कुल चार फायर किए। इनमें तीन गोलियां पूरन मारू के पेट में और एक गोली कमर में लगी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जोधपुर एम्स में चल रहा इलाज
घटना के बाद घायल पूरन मारू को उपचार के लिए जोधपुर स्थित एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।सोजत रोड थानाप्रभारी कमला लोहार ने बताया कि पूर मारू पर उनके किराएदार अमित ने फायरिंग की है। पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

