Samachar Nama
×

Nainital  हल्द्वानी से प्रकाश ने प्रचार का बिगुल फूंका

Nainital  हल्द्वानी से प्रकाश ने प्रचार का बिगुल फूंका

उत्तराखंड न्यूज़ डेस्क, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे प्रकाश जोशी ने हल्द्वानी से अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत कर दी है। स्वराज आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस प्रत्याशी ने कार्यकर्ताओं से आशीर्वाद लिया। कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और उत्साह से गदगद जोशी ने बाजार क्षेत्र में जनसंपर्क किया और कांग्रेस की पांच न्याय गारंटी की जानकारी व्यापारियों और लोगों को दी।

कांग्रेस ने शुक्रवार को स्वराज आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला सम्मेलन आयोजित किया। स्वराज आश्रम पहुंचते ही प्रत्याशी प्रकाश जोशी को टीका लगाकर फूलमालाओं से उनका स्वागत किया गया। सम्मेलन में जोशी ने कहा कि नैनीताल लोकसभा क्षेत्र को 10 साल में विकास के नाम पर सिर्फ छला गया है। इसकी बानगी सांसद द्वारा गोद लिए गए गांव की हालत को देखकर लगाया जा सकता है। कहा कि भाजपा सांसद के पांच साल के कार्यकाल में केवल 40 सांसद निधि खर्च होना ही उनकी उदासीनता को दर्शाता है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा के 10 साल के राज में जनता त्रस्त है और परिवर्तन का मन बना चुकी है। विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि अग्निवीर योजना ने युवा भविष्य के साथ जो खिलवाड़ किया है, उसका हिसाब युवा अपने वोट से देगा। जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि कांग्रेस का बूथ स्तर तक का कार्यकर्ता तैयार है और नैनीताल जिले की सभी विधानसभा कांग्रेस जीतेगी। महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट ने कहा कि कार्यक्रम से कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। पूर्व विधायक संजीव आर्य और जीत राम ने कहा कि कांग्रेस का बूथ लेवल कार्यकर्ता ही कांग्रेस की ताकत है। इसी ताकत के बल पर विकास विरोधी भाजपा को नैनीताल लोकसभा से उखाड़ फेकेंगे। प्रत्याशी जोशी आज (30 मार्च) खटीमा और नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद और जनसंपर्क करेंगे।नैनीताल न्यूज़ डेस्क!!!

Share this story