नागौर में मंदिर परिसर के पास तलवार से हमला, वीडियो में जाने श्रद्धालु और साधु घायल, महंत फरार
राजस्थान के नागौर जिले के मारवाड़ मूंडवा थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक गंभीर हिंसक घटना सामने आई है, जहां एक महंत ने श्रद्धालु पर तलवार से हमला कर दिया। यह घटना खुड़खुड़ा गांव में रात करीब 10:15 बजे हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।जानकारी के अनुसार, आरोपी महंत मंगलगिरी तलवार लेकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने पीछे से श्रद्धालु पर अचानक वार कर दिया। इस हमले में श्रद्धालु के सिर और सीने पर गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान वहां मौजूद एक साधु ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वह भी घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी महंत मंगलगिरी वहां से फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।सूचना मिलते ही मूंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई जगदीश सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम सबूत के तौर पर सामने आया है, जिसमें घटना के दौरान हमले की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हुई है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर जैसे धार्मिक स्थान पर हुई इस तरह की हिंसा पर चिंता जताई है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी महंत मंगलगिरी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

