Samachar Nama
×

कोटा में ग्राहक का अनोखा विरोध, वीडियो में देंखे ओला स्कूटर को चप्पलों की माला पहनाकर शोरूम को लौटाया

कोटा में ग्राहक का अनोखा विरोध, वीडियो में देंखे ओला स्कूटर को चप्पलों की माला पहनाकर शोरूम को लौटाया

राजस्थान के Kota में एक ग्राहक ने इलेक्ट्रिक स्कूटर की खराब सर्विस से परेशान होकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। स्कूटर मालिक अनुज प्रजापति ने अपनी स्कूटर को चप्पलों की माला पहनाकर सीधे ओला शोरूम पहुंचाया और उसे वहीं छोड़ दिया। इस अनोखे विरोध को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामला शहरभर में चर्चा का विषय बन गया। जानकारी के अनुसार अनुज प्रजापति ने Ola Electric की स्कूटर खरीदी थी। अनुज का कहना है कि 4 नवंबर को उनकी स्कूटर का एक्सीडेंट हो गया था। इसके बाद उन्होंने 10 नवंबर को क्लेम और रिपेयर के लिए स्कूटर को ओला शोरूम में जमा करवाया था।

अनुज का आरोप है कि स्कूटर करीब चार महीने तक शोरूम में ही खड़ी रही, लेकिन इसके बावजूद उसकी ठीक तरह से मरम्मत नहीं की गई। उनका कहना है कि कई बार शोरूम से संपर्क करने के बाद भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ग्राहक के अनुसार दो से तीन दिन पहले ही शोरूम की ओर से उन्हें स्कूटर वापस दी गई, लेकिन उसकी हालत पहले से भी खराब थी। अनुज ने बताया कि स्कूटर का आगे का टायर सही से घूम नहीं रहा था और चलाते समय उसमें से धुआं निकल रहा था। इसके अलावा स्कूटर के कई पार्ट्स ढीले होकर हिल रहे थे, जिससे वाहन चलाना भी मुश्किल हो रहा था।

अनुज का कहना है कि इतने लंबे समय तक शोरूम में रहने के बावजूद स्कूटर की सर्विस सही तरीके से नहीं की गई। इसी से नाराज होकर उन्होंने अनोखे तरीके से विरोध जताने का फैसला किया। उन्होंने स्कूटर को चप्पलों की माला पहनाई और शोरूम पहुंचकर उसे “सप्रेम भेंट” करते हुए वहीं छोड़ दिया। इस दौरान आसपास मौजूद लोग भी इस घटना को देखने के लिए रुक गए। कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद कर लीं, जो बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राहक का यह विरोध उपभोक्ताओं की समस्याओं को सामने लाने का एक अलग तरीका है। वहीं कुछ लोगों ने यह भी कहा कि कंपनियों को ग्राहकों की शिकायतों पर समय पर ध्यान देना चाहिए। फिलहाल इस घटना के बाद ओला शोरूम की सर्विस को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि इस मामले में कंपनी या शोरूम प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Share this story

Tags