Samachar Nama
×

कोटा में इस बार 105 फीट का रावण घुमाएगा गर्दन, फुटेज में देंखे तलवार चलाने के साथ झपकाएगा आंखें; दशहरा होगा खास

कोटा में इस बार 105 फीट का रावण घुमाएगा गर्दन, फुटेज में देंखे तलवार चलाने के साथ झपकाएगा आंखें; दशहरा होगा खास

कोटा में इस बार विजयादशमी यानी दशहरा का उत्सव बेहद खास और रोमांचक होने वाला है। दशहरा मैदान में तैयार किया जा रहा रावण का पुतला सिर्फ ऊंचाई की वजह से ही आकर्षण का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि इसमें कई ऐसे मैकेनिकल फीचर लगाए जा रहे हैं, जिन्हें देखकर लोग हैरान रह जाएंगे। इस बार रावण 360 डिग्री पर अपनी गर्दन घुमाता नजर आएगा। इतना ही नहीं, वह हाथ में तलवार लेकर उसे चलाएगा, अपनी मूंछें हिलाएगा और आंखें भी झपकाएगा।हालांकि इस बार रावण के पुतले की ऊंचाई पिछले साल की तुलना में कुछ कम रखी गई है। इसके बावजूद 105 फीट से ज्यादा ऊंचा रावण और करीब 70-70 फीट के कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले दशहरा उत्सव का बड़ा आकर्षण होंगे।

दिल्ली-एनसीआर से आए कारीगर

रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों को तैयार करने के लिए दिल्ली-एनसीआर से विशेष कारीगर कोटा पहुंचे हैं। गाजियाबाद निवासी आमिर खान रावण के इस भव्य पुतले का निर्माण कर रहे हैं।आमिर खान के मुताबिक रावण के पुतले बनाने का काम उनके परिवार में लंबे समय से चला आ रहा है। वह वर्ष 2019 से लगातार कोटा में रावण का पुतला तैयार करते आ रहे हैं। उनके परिवार के लिए यह सिर्फ काम नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही कला है।

360 डिग्री घूमेगी रावण की गर्दन

इस बार रावण के पुतले को खास तकनीक के साथ तैयार किया जा रहा है। रावण अपनी गर्दन को 360 डिग्री तक घुमाता हुआ नजर आएगा। इसके अलावा उसके हाथ में तलवार होगी, जिसे वह चलाता दिखाई देगा।पुतले में आंखों को झपकाने और मूंछों को हिलाने की व्यवस्था भी की जा रही है। इन विशेष प्रभावों का मकसद दशहरा मैदान में मौजूद दर्शकों के लिए रावण के दहन को और ज्यादा आकर्षक बनाना है।

पुतले के अंदर ही होगी आतिशबाजी

रावण के पुतले को सिर्फ बाहरी सजावट और मैकेनिकल सिस्टम से ही खास नहीं बनाया जा रहा है। कारीगरों के अनुसार पुतले के भीतर विशेष प्रकार की आतिशबाजी भी सेट की जा रही है। दहन के दौरान आतिशबाजी के साथ रावण के अलग-अलग हिस्सों में लगाए गए मैकेनिकल फीचर दर्शकों को आकर्षित करेंगे।कारीगरों का कहना है कि रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का निर्माण तेजी से चल रहा है और 10 से 11 तारीख तक इन्हें पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।

पिछले साल काम में आया था गैप

आमिर खान ने बताया कि वह कोटा में वर्ष 2019 से रावण का निर्माण करते आ रहे हैं। हालांकि पिछले साल विश्व रिकॉर्ड बनाने की योजना के चलते उनके नियमित काम में गैप आया था। इस बार फिर से पूरा रावण तैयार किया जा रहा है और विजयादशमी के दिन इसे पूरी भव्यता के साथ दहन किया जाएगा।कोटा का दशहरा मेला देशभर में अपनी खास पहचान रखता है। ऐसे में इस बार 105 फीट से ज्यादा ऊंचे रावण का 360 डिग्री घूमना, तलवार चलाना, आंखें झपकाना और मूंछें हिलाना दर्शकों के लिए खास आकर्षण बनने वाला है। दशहरा मैदान में रावण दहन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

Share this story

Tags