कोटा उपभोक्ता फोरम में सलमान खान को बुलाने की मांग, वीडियो में जानें राजश्री पान मसाला विज्ञापन मामले में 1 दिसंबर को अगली सुनवाई
राजस्थान के कोटा कंज्यूमर फोरम में मंगलवार को राजश्री पान मसाला के कथित भ्रामक विज्ञापन से जुड़े मामले में सुनवाई हुई। इस दौरान परिवादी भाजपा नेता और एडवोकेट इंद्रमोहन सिंह हनी ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को कोटा में बुलाने की मांग की। हालांकि, सलमान खान और राजश्री पान मसाला की ओर से पेश वकीलों ने इस मांग और मामले की सुनवाई जारी रखने पर आपत्ति जताई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फोरम ने अगली सुनवाई के लिए 1 दिसंबर की तारीख तय की है।सुनवाई के दौरान सलमान खान की ओर से एडवोकेट विनीत अग्रवाल और राजश्री पान मसाला की ओर से एडवोकेट राकेश सुवालका ने पक्ष रखा। दोनों वकीलों ने मामले की सुनवाई के अधिकार क्षेत्र और हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए अपनी दलीलें पेश कीं।
सलमान के वकील बोले- कंज्यूमर फोरम को सुनवाई का अधिकार नहीं
सलमान खान और राजश्री पान मसाला की ओर से पेश वकीलों ने दलील दी कि नेशनल कंज्यूमर फोरम पहले ही कह चुका है कि इस तरह के मामलों की सुनवाई का अधिकार कंज्यूमर फोरम को नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में हाईकोर्ट की ओर से स्टे जारी किया गया है।वकीलों के मुताबिक, जब तक हाईकोर्ट का स्टे प्रभावी है, तब तक कंज्यूमर फोरम इस मामले में आगे की कार्यवाही नहीं कर सकता। इसी आधार पर उन्होंने सुनवाई को आगे बढ़ाने पर आपत्ति जताई।
परिवादी बोले- FSL जांच पर है स्टे, बाकी कार्रवाई पर नहीं
दूसरी ओर, परिवादी इंद्रमोहन सिंह हनी ने हाईकोर्ट के स्टे को लेकर अलग दलील रखी। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने सलमान खान के हस्ताक्षरों की फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) से जांच कराने के मामले में स्टे दिया था। उनके अनुसार, इस आदेश का मतलब यह नहीं है कि पूरे मामले की कार्यवाही रोक दी जाए।हनी ने कहा कि पिछले छह महीने से मामले में कोई आगे की कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कंज्यूमर फोरम में दलील दी कि स्टे केवल हस्ताक्षरों की FSL जांच पर है, जबकि बाकी कार्यवाही पर रोक नहीं है। इसलिए मामले की अन्य प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
1 दिसंबर को फिर होगी सुनवाई
परिवादी ने फोरम से सवाल किया कि जब हाईकोर्ट का स्टे केवल FSL जांच से संबंधित है, तो बाकी कार्यवाही क्यों रोकी गई है। उन्होंने मामले की सुनवाई आगे बढ़ाने की मांग की।मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच हुई बहस के बाद फोरम ने अगली सुनवाई के लिए 1 दिसंबर की तारीख निर्धारित की है। अब अगली सुनवाई में मामले के अधिकार क्षेत्र और हाईकोर्ट के स्टे के दायरे को लेकर पक्षों की दलीलों पर आगे विचार किया जाएगा।फिलहाल मामले में सलमान खान को कोटा बुलाने की परिवादी की मांग पर भी दोनों पक्षों के बीच आपत्ति सामने आई है। अगली सुनवाई में यह देखना होगा कि फोरम इस मामले में आगे की कार्यवाही को लेकर क्या रुख अपनाता है।

