कोटा ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 28 लाख की अवैध शराब जब्त, वीडियो में देंखे हरियाणा-चंडीगढ़ से गुजरात जा रही थी खेप
राजस्थान के Kota ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों के नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। “ऑपरेशन रूट क्लियरेंस” के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत करीब 28 लाख 93 हजार 270 रुपये बताई जा रही है।Rajasthan Police ने थाना मोडक और थाना चेचट क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 163 पेटी अंग्रेजी शराब और 2221 शराब के पब्बे बरामद किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्त शराब हरियाणा और चंडीगढ़ में निर्मित थी और इसे मध्यप्रदेश के रास्ते गुजरात पहुंचाया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तस्कर शराब की खेप को ले जाने के लिए लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल कर रहे थे ताकि किसी को शक न हो। जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी का यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय हो सकता है और अलग-अलग राज्यों के बीच अवैध सप्लाई चेन संचालित कर रहा था।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। इसके बाद मौके पर ही शराब और वाहनों को जब्त कर लिया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और शराब की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी।
अधिकारियों का कहना है कि गुजरात में शराबबंदी होने के कारण वहां अवैध रूप से शराब पहुंचाने के लिए राजस्थान और मध्यप्रदेश के रास्तों का उपयोग किया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सीमावर्ती मार्गों और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी बढ़ाई गई है।कोटा ग्रामीण पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन रूट क्लियरेंस के तहत आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब तस्करी से जुड़े मुख्य आरोपियों और सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिला सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

