कोटा में गैस लीकेज से भड़की आग, युवक जिंदा जला: चूल्हा जलाते ही लपटों में घिरा; हादसे का वीडियो आया सामने
कोटा में दूध डेयरी में आग लगने से युवक की मौत के मामले में हादसे का वीडियो सामने आया है। वीडियो में आग लगने की वजह सिलेंडर से गैस का रिसाव सामने आया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि युवक जैसे ही गैस चूल्हा जलाता है, अचानक आग भड़क उठती है और वह लपटों से घिर जाता है। युवक खुद को बचाने के लिए पीछे हटता है, लेकिन दुकान से बाहर नहीं निकल पाता। आग इतनी तेजी से फैलती है कि कुछ ही देर में पूरी डेयरी इसकी चपेट में आ जाती है।
यह हादसा 14 नवंबर को कोटा के भीमगंज मंडी थाना क्षेत्र स्थित राम मंदिर गली में मधुर दूध डेयरी में हुआ था। आग में डेयरी पर काम करने वाले लेखराज पुत्र रामविलास भदाना की मौत हो गई थी। दुकान में मौजूद दो अन्य लोगों ने किसी तरह बाहर भागकर अपनी जान बचाई थी।
गैस पाइप ढीला होने से हुआ रिसाव
सामने आए वीडियो के अनुसार, युवक गैस चूल्हा जलाने के लिए आगे बढ़ता है। बताया जा रहा है कि गैस चालू करने के बाद उसका हाथ पाइप से छू गया था। पाइप पहले से ढीला था, जिसके कारण वह खुल गया और गैस का रिसाव होने लगा।इसी दौरान युवक ने चूल्हा जलाया तो अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। युवक ने पीछे हटकर बचने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। गैस लगातार निकलने से आग और विकराल होती चली गई।
दुकान में मौजूद दो लोगों ने भागकर बचाई जान
हादसे के समय डेयरी में लेखराज के अलावा दो अन्य लोग भी मौजूद थे। आग भड़कते ही दोनों ने दुकान से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं, दुकान मालिक विनोद अग्रवाल उस समय बाजार गए हुए थे। आग लगने की सूचना मिलने के बाद मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं।फायर ब्रिगेड की टीम ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद भीमगंज मंडी थाना पुलिस दुकान के अंदर पहुंची। वहां लेखराज अचेत अवस्था में पड़ा मिला।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस ने घायल अवस्था में मिले लेखराज को एंबुलेंस की मदद से एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में युवक की मौत दम घुटने और बुरी तरह झुलसने के कारण हुई थी।इस घटना ने गैस सिलेंडर और उससे जुड़े पाइप की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ढीले पाइप से गैस का रिसाव और चूल्हा जलाते ही आग भड़कने जैसी स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है। गैस उपकरणों की नियमित जांच और पाइप की सही फिटिंग पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।

