अदालत परिसर में वकील और पुलिस के बीच विवाद, वीडियो में देंखे मारपीट और अभद्रता का मामला दर्ज
कोटा के नयापुरा क्षेत्र स्थित अदालत परिसर में 27 मार्च को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब एक वकील और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। इस घटना के बाद संबंधित वकील के खिलाफ मारपीट, अभद्रता और पुलिस कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुमानपुरा थाने के कॉन्स्टेबल राजेन्द्र कुमार और उनके साथी अब्दुल हनीफ एक आरोपी द्वारकालाल को पेशी के लिए एसीएम हेडक्वार्टर लेकर आए थे। रीडर की अनुपस्थिति के कारण दोनों पुलिसकर्मी आरोपी के साथ अदालत परिसर में ही बैठे हुए थे।इसी दौरान एडवोकेट अतीश सक्सेना वहां पहुंचे और उन्होंने आरोपी की पहचान पूछनी शुरू की। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया और विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि वकील ने अचानक आरोपी के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जब मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई।स्थिति को बिगड़ते देख अन्य कर्मियों ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित वकील के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटनाक्रम के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। अदालत परिसर जैसी संवेदनशील जगह पर हुई इस घटना ने सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

