करौली में सातवां फेरा होने से पहले दूल्हे के पास आया एक कॉल, शादी से किया मना, लड़की वालों ने बंधक बनाया

राजस्थान के करौली जिले में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी संपन्न होने से पहले ही सब कुछ बदल गया। दूल्हा-दुल्हन ने छह फेरे पूरे कर लिए थे और जैसे ही सातवें फेरे का समय नजदीक आया, दूल्हे के फोन पर लगातार कॉल आने लगीं। पहले तो सभी ने उसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब बार-बार फोन आने लगे तो दूल्हे ने फोन उठाया और बात करने के बाद अचानक सातवां फेरा लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इस निर्णय से दुल्हन पक्ष हैरान और क्रोधित हो गया। उन्होंने तुरंत दूल्हे और उसके परिवार को बंधक बना लिया और शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग करने लगे। लड़की के परिवार का दावा है कि उन्होंने शादी पर करीब 56 लाख रुपये खर्च किए। उनका कहना है कि बिना ठोस कारण के शादी से इंकार करना न केवल भावनात्मक अपमान है, बल्कि बहुत बड़ी आर्थिक हानि भी है।
पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि यह कॉल किसकी थी और उस कॉल में क्या चर्चा हुई थी जिसके कारण दूल्हे ने शादी तोड़ने का निर्णय लिया।
सोशल मीडिया पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया
यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनता की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई यूजर्स ने दूल्हे की मंशा पर सवाल उठाए हैं और दूल्हे के परिवार को जिम्मेदार ठहराया है तथा शादी का खर्च वापस करने की मांग की है। कुछ लोगों ने इसे "लड़कियों का मामला" कहा। यह घटना न केवल विवाह बल्कि सामाजिक और भावनात्मक जिम्मेदारियों की अनदेखी का उदाहरण बन गई है।