जोधपुर में तीन युवतियों के लापता होने से हड़कंप, वीडियो में देंखे पुलिस जांच में जुटी
जोधपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में एक ही दिन में तीन युवतियों के लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल है। परिजनों ने अलग-अलग थानों में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला सरदारपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उसकी 16 वर्षीय बेटी गुरुवार सुबह किराना दुकान से सामान लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
दूसरा मामला विवेक विहार थाने का है। यहां एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी 19 वर्षीय बेटी गुरुवार दोपहर बिना किसी को बताए घर से निकल गई और फिर वापस नहीं आई। परिजनों ने हर संभव जगह उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। तीसरा मामला नागौरी गेट थाना क्षेत्र का है, जहां एक व्यक्ति ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी 19 वर्षीय बेटी गुरुवार को घर से बाहर गई थी, लेकिन देर तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने आस-पड़ोस और रिश्तेदारी में पूछताछ की, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
तीनों मामलों में युवतियों के अचानक लापता होने से परिवार सदमे में हैं। पुलिस ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।पु लिस अधिकारियों के अनुसार, युवतियों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उनके मोबाइल लोकेशन का भी पता लगाया जा रहा है। साथ ही, संभावित स्थानों पर पुलिस टीमें भेजी गई हैं।
फिलहाल, तीनों युवतियों के लापता होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें ढूंढने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले का समाधान निकल जाएगा। इस घटना ने स्थानीय लोगों के बीच भी चिंता बढ़ा दी है, और लोग सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं।

