जोधपुर में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का भंडाफोड़, वीडियो में देंखे फर्जी शादी कर 2.70 लाख की ठगी; चार आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान के Jodhpur शहर में फर्जी शादी करवाकर ठगी करने वाले गिरोह का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक की झूठी शादी करवाकर उससे 2.70 लाख रुपये हड़प लिए गए और बाद में दुल्हन फरार हो गई। पुलिस ने इस मामले में महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।यह मामला देवनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक की शादी एक सुनियोजित साजिश के तहत करवाई गई थी। शादी के बाद महिला कुछ समय तक ससुराल में रही, लेकिन फिर अचानक अपने घर जाने की बात कहकर वहां से चली गई और दोबारा वापस नहीं लौटी।
पीड़ित को तब शक हुआ जब उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर महिला का अकाउंट खंगाला। जांच में सामने आया कि महिला की पहले से ही एक युवक के साथ तस्वीरें मौजूद थीं, जिनमें उसकी मांग पहले भी भरी हुई दिखाई दे रही थी। इसके बाद पूरे मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं।पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा था। आरोप है कि महिला और उसके साथियों ने मिलकर युवक को फंसाने की साजिश रची थी। इस गिरोह में महिला की बुआ और दो दलाल भी शामिल थे, जिन्होंने शादी की व्यवस्था कराने और पैसे वसूलने में भूमिका निभाई।
सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ‘लुटेरी दुल्हन’ कविता, उसकी बुआ रेखा, तथा दो दलाल नरपत सिंह और बाबूलाल को गिरफ्तार कर लिया है। सभी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने पहले भी कितने लोगों को इसी तरह निशाना बनाया है।पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने न केवल शादी के नाम पर ठगी की, बल्कि इस दौरान घर में रखे सोना, चांदी और नकदी भी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि जब यह घटना हुई, उस समय घर में पीड़ित की मां अकेली थीं, जिसका फायदा उठाकर आरोपी सामान लेकर भाग गए।
Rajasthan पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित ठगी का मामला प्रतीत होता है, जिसमें लोगों को शादी के नाम पर फंसाकर आर्थिक रूप से लूटा जाता है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों की भी तलाश कर रही है। फिलहाल चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पुलिस का कहना है कि आगे और खुलासे होने की संभावना है।

