
राजस्थान न्यूज़ डेस्क, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने आज लूणी में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा की सभा में अशोक गहलोत सरकार को आड़े हाथ लिया। इस दौरान उनकी जुबान भी फिसल गई और वे कह गए- राजस्थान में कांग्रेस को लाना है।
हिमंता बिस्वा ने मंच से कहा- राजस्थान में कांग्रेस को लाइए, यह मोदीजी का चुनाव है। हमें मोदीजी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है। राजस्थान का चुनाव आप लोग सेमीफाइनल की तरह मान लो। हालांकि उन्हें कहना था कि राजस्थान में भाजपा को लाइए।
सभा में उन्होंने राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा- इस बार कांग्रेस की विदाई तय है। सीएम गहलोत अब 5 साल काम करने के बाद आराम करेंगे।
असम के सीएम ने कहा- अशोक गहलोत सारी दुनिया घूमते हैं, लेकिन वे रामलला के मंदिर नहीं जाते। वे रामलला के दर्शन करने के लिए कभी नहीं गए। उन्हें लगता है कि रामलला के दर्शन करने से बाबर नाराज हो जाएगा। पता नहीं उन्हें बाबर और औरंगजेब से क्या प्रेम है।
अशोक गहलोत कहते हैं राजस्थान में हिंदुत्व को आने नहीं दूंगा, क्या हिंदुत्व तुम्हारा इंतजार करेगा। हर घर में हिंदू है, मैंने हिंदू होकर जन्म लिया और हिंदू होकर मरूंगा। वे सोचते हैं हम डिफेंसिव हो जाएंगे, लेकिन मैं कहता हूं कि राजस्थान आधिकारिक रूप से अगर हिंदुत्व प्रदेश बनता है तो खुशी ही होगी। राजस्थान हिंदुओं की संस्कार भूमि है। यहां हिंदुत्व नहीं होगा तो क्या बाबर-तंत्र चलेगा। बाबर को लाने के लिए मतदाता सूचियों में गड़बड़ करते हो, पता नहीं बाबर से इतना क्यों प्यार करते हो।
जोधपुर न्यूज़ डेस्क!!!