Jodhpur भोपालगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी गीता बरवड़: दो बार पूर्व जिला परिषद सदस्य
राजस्थान न्यूज़ डेस्क, विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने चौथी सूची जारी कर दी है। भोपालगढ़ विधानसभा सीट से पार्टी ने गीता बरवड़ को प्रत्याशी बनाया है। गीता सुरसागर तीन बार के विधायक और पूर्व राजस्व मंत्री नरपत बरवड़ की बेटी है। उनकी मां हीरादेवी ने 2008 में भोपालगढ़ से विधानसभा का चुनाव लड़ा था। जिसमें वो भाजपा की कमसा मेघवाल से हार गई थी। गीता बरवड़ ने दो बार जिला परिषद का चुनाव जीता है। इसके साथ जिला देहात कांग्रेस कमेटी में सदस्य पद पर भी रह चुकी है।
पिछले विधानसभा चुनावों में भंवर लाल बलाई कांग्रेस से प्रत्याशी रहे। उनको 63424 मत मिले थे। ये सीट RLP के पुखराज गर्ग ने जीती थी। कुछ समय बाद गंभीर बीमारी के चलते भंवरलाल बलाई का निधन हो गया।
भाजपा ने इस सीट पर 2008 और 2013 में जीत दर्ज की है। 2008 और 2013 में कमसा मेघवाल भोपालगढ़ से जीते। वहीं 2018 में RLP ने जीत दर्ज की है।
मदेरणा परिवार का गढ़ रहा भोपालगढ़
भोपालगढ़ विधानसभा सीट मदेरणा परिवार का गढ़ रहा है। 2008 में परिसीमन से पहले भोपालगढ़ कांग्रेस का गढ़ रही। परिसीमन के बाद कांग्रेस जीत को तरस रही है। 1967 में भोपालगढ़ विधानसभा का गठन हुआ था। जिसमें 1968,1972,1977,1980,1990,1998 तक परसा राम मदेरणा इस सीट से जीते। वहीं 2003 में आखिरी बार कांग्रेस से महिपाल मदेरणा जीते थे।
जोधपुर न्यूज़ डेस्क!!!

