जोधपुर में हॉस्पिटल की तीसरी मंजिल पर लगी आग, वीडियो में देंखे मरीजों को सुरक्षित निकाला गया
राजस्थान के जोधपुर शहर में स्थित सोना मेडिहब हॉस्पिटल में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अस्पताल की तीसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में यह चौथी और दूसरी मंजिल तक भी पहुंच गई, जिससे पूरे परिसर में धुएं का गुबार फैल गया।आग लगने की घटना के बाद अस्पताल में मौजूद मरीजों और स्टाफ में हड़कंप मच गया। दूसरी मंजिल पर स्थित जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान वार्ड में भर्ती कुल 8 मरीजों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
मरीजों को निकालते समय भारी धुएं के कारण अस्पताल की एक महिला कर्मचारी बेहोश हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत पास के वार्ड में ले जाया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल स्टाफ और स्थानीय प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया।जानकारी के अनुसार, जनरल वार्ड में भर्ती दो मरीजों को बुधवार को डिस्चार्ज किया जाना था, लेकिन आग की घटना के बाद उन्हें एहतियात के तौर पर तुरंत उनके घर भेज दिया गया। वहीं, बाकी 6 मरीजों की हालत को देखते हुए उन्हें नजदीक स्थित सनसिटी हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। अस्पताल प्रबंधन भी घटना के कारणों की समीक्षा कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

