‘काला हिरण’ फिल्म विवाद में नया मोड़: प्रोड्यूसर अमित ज्याणी को मिली जान से मारने की धमकी, वीडियो में जाने जोधपुर में FIR दर्ज
राजस्थान के चर्चित काला हिरण शिकार मामले पर आधारित प्रस्तावित फिल्म काला हिरण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब फिल्म के प्रोड्यूसर अमित ज्याणी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है।
प्रोड्यूसर का आरोप है कि उन्हें पाकिस्तान के मोबाइल नंबरों से धमकी भरे कॉल और मैसेज मिले हैं, जिसमें फिल्म से पीछे हटने की चेतावनी दी गई है। अमित ज्याणी ने यह भी आरोप लगाया है कि यह धमकियां उन्हें फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता सलमान खान के इशारे पर दी जा रही हैं। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इस पूरे मामले को लेकर गुरुवार को जोधपुर के रातानाड़ा थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रातानाड़ा थाना के थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को गंभीरता से देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।अमित ज्याणी ने इस मामले को लेकर एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि पिछले दो वर्षों से उन्हें लगातार जान से मारने, गला काटने, घर उड़ाने और पेट्रोल बम से हमला करने जैसी धमकियां मिल रही हैं। उनका कहना है कि यह धमकियां फिल्म प्रोजेक्ट को रोकने के उद्देश्य से दी जा रही हैं।
गौरतलब है कि काला हिरण शिकार मामला पहले से ही देश में काफी चर्चित और संवेदनशील रहा है, और अब इस पर बन रही फिल्म को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। इससे पहले भी फिल्म से जुड़े कई पहलुओं को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आती रही हैं।फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और धमकी देने वाले नंबरों की ट्रेसिंग की जा रही है। आने वाले दिनों में इस केस में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

