फलोदी में 640 फीट गहरे बोरवेल में फंसा भोमाराम, फुटेज में देंखे चार से ज्यादा रेस्क्यू प्रयास नाकाम; कैमरे में दिखना भी बंद हुआ मूवमेंट
राजस्थान के फलोदी जिले में बोरवेल में गिरे भोमाराम को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है। गुरुवार (15 अक्टूबर) दोपहर पूनिया की ढाणी में हुए हादसे के बाद शुक्रवार देर रात तक भी उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। करीब 1050 फीट गहरे बोरवेल में फंसे भोमाराम को निकालने के लिए अब तक चार से ज्यादा प्रयास किए जा चुके हैं, लेकिन हर बार बचाव दल को निराशा हाथ लगी है।
हादसे के बाद सबसे पहले राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने मोर्चा संभाला। इसके बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की मदद भी ली गई। दोनों टीमों ने अपने स्तर पर कई प्रयास किए, लेकिन भोमाराम तक पहुंचने और उसे सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता नहीं मिली।
देसी जुगाड़ से बनाया लोहे का जाल भी नाकाम
शुक्रवार को भोमाराम को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और बचाव दल ने देसी जुगाड़ का सहारा लिया। इसके तहत लोहे का एक विशेष जाल तैयार कर बोरवेल में उतारा गया। उम्मीद थी कि इसकी मदद से बच्चे को पकड़कर बाहर निकाला जा सकेगा, लेकिन यह प्रयास भी सफल नहीं हुआ।इसके बाद पत्थर को बाहर निकालने के लिए जुगाड़ू टीम ने दूसरा प्रयास किया। बोरवेल के भीतर पत्थर की स्थिति और आकार को ध्यान में रखकर उपकरण तैयार करने की कोशिश की गई, लेकिन इसमें भी कामयाबी नहीं मिली। बचाव दल अब नए तरीके से प्रयास करने में जुटा है।
कैमरे में दिखना बंद हुआ बच्चे का मूवमेंट
रेस्क्यू अभियान के दौरान शुक्रवार सुबह बोरवेल में कैमरा डालकर भोमाराम की स्थिति जानने की कोशिश की गई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कैमरे में बच्चे की हलचल दिखाई दे रही थी, लेकिन बाद में उसका मूवमेंट दिखना बंद हो गया। इससे बचाव अभियान में जुटे लोगों की चिंता बढ़ गई है।जानकारी के अनुसार, भोमाराम बोरवेल में करीब 640 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है। हालांकि, कैमरा तकनीकी कारणों से 30 फीट से आगे नहीं जा पा रहा है। ऐसे में बचाव दल को बोरवेल के भीतर की स्थिति का स्पष्ट अंदाजा लगाने में परेशानी हो रही है।
बचाव अभियान जारी, नए तरीके से कोशिश
भोमाराम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन और बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं। पत्थर की स्थिति को देखते हुए उसके आकार के अनुरूप नया जुगाड़ तैयार करने की कोशिश की जा रही है। अब तक किए गए प्रयासों में सफलता नहीं मिलने के बावजूद अभियान जारी है।फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती बोरवेल के भीतर फंसे पत्थर और सीमित तकनीकी पहुंच के कारण पैदा हो रही है। बचाव दल की कोशिश है कि किसी तरह बाधा को हटाकर भोमाराम तक पहुंचा जाए और उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

