जोधपुर में SI प्रमोशन के फिजिकल टेस्ट के दौरान ASI की मौत, वीडियो में जाने 2 किमी दौड़ पूरी करने के बाद सीने में उठा दर्द, अस्पताल में CPR के बावजूद नहीं बची जान
राजस्थान के जोधपुर में शुक्रवार सुबह सब-इंस्पेक्टर (SI) पद पर प्रमोशन के लिए आयोजित फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट के दौरान एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) की मौत हो गई। बाड़मेर जिले के नेतराड़ गांव निवासी ASI दुर्गाराम भील मंडोर स्थित राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में टेस्ट देने पहुंचे थे। दो किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के बाद उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
सुबह 7 बजे पहुंचे थे ट्रेनिंग सेंटर
जानकारी के अनुसार, ASI दुर्गाराम भील शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे SI पद पर प्रमोशन के लिए होने वाले फिजिकल टेस्ट में शामिल होने मंडोर स्थित राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर पहुंचे थे। टेस्ट के निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्होंने दो किलोमीटर की दौड़ पूरी कर ली थी। इसके बाद उन्हें शारीरिक प्रशिक्षण सहित अन्य चरणों में भाग लेना था।
सीने में दर्द के बाद बिगड़ी तबीयत
दौड़ पूरी करने के कुछ समय बाद, सुबह करीब 8:30 बजे दुर्गाराम के सीने में अचानक दर्द उठा और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत पास के चंद्र मंगल हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनकी जान बचाने के लिए कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) देने की कोशिश की।अस्पताल के स्टाफ के अनुसार, जब दुर्गाराम को अस्पताल लाया गया, तब उनकी पल्स नहीं चल रही थी। CPR देने पर कुछ समय के लिए उनकी पल्स दोबारा लौट आई, लेकिन कुछ देर बाद फिर बंद हो गई। तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई।
प्रमोशन के फिजिकल टेस्ट में कई चरण शामिल
राजस्थान पुलिस में SI पद पर प्रमोशन के लिए आयोजित फिजिकल टेस्ट में अभ्यर्थियों को कई चरणों से गुजरना पड़ता है। इसमें दो किलोमीटर की दौड़ के अलावा फिजिकल ट्रेनिंग, परेड और वेपन एक्सरसाइज शामिल हैं। इसके बाद अभ्यर्थियों को भीड़ नियंत्रित करने की प्रक्रिया का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी करना होता है।ASI दुर्गाराम भील की टेस्ट के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत की घटना से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। वे दौड़ का चरण पूरा कर चुके थे और आगे की शारीरिक गतिविधियों में शामिल होने वाले थे।

