Samachar Nama
×

जयपुर में बड़ी कार्रवाई: एएनटीएफ ने ‘007 गैंग’ के सरगना राजाराम उर्फ राजू मांजू को दबोचा

जयपुर में बड़ी कार्रवाई: एएनटीएफ ने ‘007 गैंग’ के सरगना राजाराम उर्फ राजू मांजू को दबोचा

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात ‘007 गैंग’ के सरगना राजाराम उर्फ राजू मांजू को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फलोदी, जोधपुर ग्रामीण और श्रीगंगानगर पुलिस की ओर से 75 हजार रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस के अनुसार, राजू मांजू पर हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, लूटपाट सहित 36 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह फलोदी जिले के जम्भेश्वर नगर का रहने वाला बताया जा रहा है और लंबे समय से फरार चल रहा था।

ANTF के आईजी विकास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को इनपुट मिला था कि राजू मांजू हथियारों की तलाश में जयपुर में छिपा हुआ है। इसके बाद टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष रणनीति अपनाई।सूत्रों के मुताबिक, पुलिस टीम ने लगभग तीन दिन तक एक पार्क के आसपास डेरा जमाए रखा। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने साधारण वेश में चाय की थड़ी पर चाय बेचने का काम भी किया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और आरोपी को शक न हो।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने संपर्क के जरिए ‘लाल टोपी और काला चश्मा’ पहनकर अकेले मिलने का संदेश भेजा था। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई एक सुनियोजित रणनीति का हिस्सा थी, जिसमें तकनीकी निगरानी और ग्राउंड इंटेलिजेंस दोनों का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क, हथियार सप्लाई चैन और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से गैंग की कई बड़ी गतिविधियों का खुलासा हो सकता है।

Share this story

Tags