जोधपुर में 63 साल का बुजुर्ग 11.6 किलो डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार, फुटेज में देंखे पुलिस ने गांव में दी दबिश
जोधपुर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 63 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11.632 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया गया। कार्रवाई राजीव गांधी नगर थाना पुलिस और डीएसटी पश्चिम की संयुक्त टीम ने की।पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान धोकलराम पुत्र जोराराम निवासी बैरू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गांव सरहद बैरू में दबिश देकर पकड़ा।
डीएसटी से मिली सूचना के बाद की कार्रवाई
राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविन्द्र पाल सिंह को डीएसटी पश्चिम प्रभारी महादेव प्रसाद के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति के पास अवैध मादक पदार्थ मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस और डीएसटी पश्चिम की संयुक्त टीम बनाई गई।इसके बाद पुलिस टीम ने गांव सरहद बैरू में दबिश दी। यहां संदिग्ध धोकलराम को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी में मिला 11.632 किलो डोडा पोस्त चूरा
पुलिस की तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 11.632 किलोग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी डोडा पोस्त कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

