Samachar Nama
×

जोधपुर में रामदेवरा जा रहे 3 श्रद्धालुओं को बोलेरो ने कुचला, फुटेज में देंखे मौके पर मौत; मुआवजे की मांग को लेकर थाने के बाहर धरना

जोधपुर में रामदेवरा जा रहे 3 श्रद्धालुओं को बोलेरो ने कुचला, फुटेज में देंखे मौके पर मौत; मुआवजे की मांग को लेकर थाने के बाहर धरना

राजस्थान के जोधपुर जिले में रामदेवरा (जैसलमेर) पैदल जा रहे तीन श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। शेरगढ़ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने पैदल जा रहे चाचा-भतीजे समेत तीन श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह दुर्घटना गुरुवार रात करीब 11:30 बजे शेरगढ़ से फलोदी मेगा हाईवे पर भूंगरा इलाके में हुई।

पांच श्रद्धालु पैदल निकले थे रामदेवरा

शेरगढ़ थानाधिकारी खेताराम सियोल ने बताया कि गुरुवार रात करीब 10 बजे तेना-नाथासर गांव से पांच श्रद्धालु पैदल रामदेवरा के लिए रवाना हुए थे।घर से करीब 10 किलोमीटर दूर पहुंचने के बाद वे मेगा हाईवे पर आए। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की ओर आ गई और तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

मृतकों की पहचान:

  • नरेश पुत्र चंद्राराम
  • अंबाराम पुत्र कुंभाराम
  • भानाराम पुत्र अनोपाराम

के रूप में हुई है। तीनों तेना-नाथासर गांव के रहने वाले थे।

ड्राइवर हिरासत में, बोलेरो जब्त

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बोलेरो चालक को डिटेन कर वाहन को जब्त कर लिया है।तीनों शवों को शेरगढ़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

परिजनों ने शव लेने से किया इनकार

हादसे के बाद मृतकों के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर शव लेने से इनकार कर दिया।शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे परिजन और ग्रामीण शेरगढ़ थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

हाईवे पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

रामदेवरा जाने वाले मार्गों पर इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हैं। ऐसे में हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।पुलिस और प्रशासन अब मामले की जांच के साथ-साथ ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने में जुटा है।

Share this story

Tags