झुंझुनूं में दर्दनाक सड़क हादसा: एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे बेकाबू ट्रक ने टोल प्लाजा पर कार को रौंदा, 5 दोस्त फंसे
राजस्थान के Jhunjhunu जिले के सूरजगढ़ इलाके में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। रघुनाथपुरा टोल प्लाजा पर एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने डिवाइडर तोड़ते हुए एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच दोस्त काफी देर तक अंदर फंसे रहे।जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि टोल बूथ के पास एक बोलेरो गाड़ी पहले से खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आया ट्रक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर तोड़ते हुए कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार बोलेरो और ट्रक के बीच बुरी तरह फंस गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के गेट लॉक हो गए और अंदर बैठे युवक बाहर नहीं निकल सके। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और टोल कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे युवकों को बाहर निकाला गया।हादसे में तीन युवक घायल हो गए, जिन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनके परिजन उन्हें आगे इलाज के लिए लोहारू लेकर चले गए। फिलहाल घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का मुख्य कारण मानी जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि रघुनाथपुरा टोल प्लाजा पर अक्सर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण को और मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूरे मामले की जांच की जा रही है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद टोल प्लाजा पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य किया गया। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

