रोडवेज की मुफ्त यात्रा व्यवस्था में बड़ा बदलाव: वीडियो में जाने अब 36 घंटे पहले कराना होगा रजिस्ट्रेशन
राजस्थान रोडवेज ने प्रतियोगी परीक्षार्थियों को मिलने वाली मुफ्त बस यात्रा सुविधा में बड़ा बदलाव किया है। अब अभ्यर्थियों को फ्री यात्रा का लाभ लेने के लिए पहले से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा।नई व्यवस्था के अनुसार यदि किसी परीक्षार्थी को परीक्षा देने के लिए रोडवेज बस में मुफ्त सफर करना है, तो उसे यात्रा से कम से कम 36 घंटे पहले रोडवेज के ‘प्रतियोगी परीक्षार्थी पंजीयन पोर्टल’ पर जाकर अपना पंजीकरण कराना होगा।
रोडवेज प्रशासन ने साफ कर दिया है कि तय समय सीमा के भीतर रजिस्ट्रेशन नहीं कराने वाले अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा नहीं मिलेगी। ऐसे यात्रियों को सामान्य यात्री की तरह पूरा टिकट किराया देना पड़ेगा।बताया जा रहा है कि रोडवेज को कई बार फर्जी तरी से मुफ्त यात्रा का लाभ लेने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए यह नई व्यवस्था लागू की गई है, ताकि केवल वास्तविक परीक्षार्थियों को ही सुविधा मिल सके।
नई प्रणाली के तहत अभ्यर्थियों को परीक्षा संबंधी जानकारी, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी विवरण पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। इसके बाद सत्यापन होने पर उन्हें मुफ्त यात्रा की अनुमति मिलेगी।रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से यात्रियों का डेटा बेहतर तरीके से रिकॉर्ड हो सकेगा और बसों में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। साथ ही परीक्षा सीजन में बसों की अतिरिक्त व्यवस्था करने में भी आसानी होगी।
गौरतलब है कि राजस्थान में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान लाखों अभ्यर्थी रोडवेज की मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ लेते हैं। ऐसे में नई व्यवस्था लागू होने के बाद अभ्यर्थियों को समय रहते रजिस्ट्रेशन कराने पर विशेष ध्यान देना होगा।

