झुंझुनूं में नशे में पुलिसकर्मी का हंगामा, सड़क पर वाहनों को रुकवाने का वीडियो वायरल
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में रेलवे स्टेश के बाहर सड़क पर एक पुलिसकर्मी के कथित तौर पर नशे की हालत में हंगामा करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।जानकारी के अनुसार, यह घटना 28 अप्रैल की शाम की है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि एक कॉन्स्टेबल सड़क पर असंतुलित हालत में घूमता हुआ नजर आ रहा है और वह आने-जाने वाले वाहनों को रुकवाने की कोशिश कर रहा है। इस दौरान वह कई बार लड़खड़ाता हुआ दिखाई देता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिसकर्मी अचानक रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य सड़क पर पहुंचा और बीच सड़क पर खड़ा होकर वाहनों को रोकने लगा। इस दौरान वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और एक रोडवेज बस से टकराने से वह बाल-बाल बच गया।वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि नाम पूछे जाने पर वह ठीक से जवाब नहीं दे पा रहा था और अपनी वर्दी पर लगी नेम प्लेट को छुपाने की कोशिश करता हुआ नजर आया। इसके अलावा वह कुछ लोगों के सामने हाथ जोड़ते और पैर छूते हुए भी दिखाई देता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मी नशे की हालत में था, जिसके कारण उसने सड़क पर अनुशासनहीन व्यवहार किया। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की।बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई देने वाला पुलिसकर्मी निर्मल नाम का कॉन्स्टेबल है, जो पुलिस लाइन में तैनात है। हालांकि इस मामले को लेकर विभागीय स्तर पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
घटना के वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वास्तव में स्थिति क्या थी और वीडियो में दिख रहा व्यवहार किस परिस्थिति में हुआ। फिलहाल यह मामला स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग के लिए जांच का विषय बन गया है, और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।

