जालोर नशा मुक्ति केंद्र में बवाल, मरीजों ने कर्मचारियों पर किया हमला, 21 लोग फरार
राजस्थान के जालोर जिले में बुधवार सुबह एक नशा मुक्ति केंद्र में उस समय हड़कंप मच गया जब भर्ती मरीजों ने कर्मचारियों पर अचानक हमला कर दिया। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के भीनमाल रोड स्थित मां करणी कृपा सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र में सुबह करीब 7 बजे प्रार्थना सभा के दौरान हुई।जानकारी के अनुसार, प्रार्थना सभा चल रही थी तभी कुछ मरीजों ने अचानक कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावर मरीजों ने लोहे के पाइप से कर्मचारियों पर वार किया, जिससे एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिर फट गया। वहीं दूसरे कर्मचारी को थप्पड़ मारकर उससे केंद्र की चाबी छीन ली गई।
घटना के बाद केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके का फायदा उठाकर 21 मरीज वहां से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि सभी मरीज नशा मुक्ति के इलाज के लिए यहां भर्ती थे।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। कोतवाली थाने के हेड कॉन्स्टेबल मोहनलाल के अनुसार, केंद्र संचालक की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने फरार मरीजों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया है और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि केंद्र में सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई। इस घटना ने नशा मुक्ति केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही सभी फरार लोगों को पकड़ने का दावा कर रही है।

