Samachar Nama
×

जालोर में भाजपा नेता और वकील पर जानलेवा हमला: धारदार हथियार से किया वार, वीडियो में देंखे गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर रात तक धरना

जालोर में भाजपा नेता और वकील पर जानलेवा हमला: धारदार हथियार से किया वार, वीडियो में देंखे गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर रात तक धरना

राजस्थान के जालोर जिले में भाजपा नेता और अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में तनाव का माहौल है। बुधवार शाम बागरा थाना क्षेत्र के सियाणा गांव के पास कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार रुकवाकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिरोही रेफर किया गया।

घटना के विरोध में सियाणा क्षेत्रपाल व्यापार संघ और राजपुरोहित समाज के लोगों ने सियाणा पुलिस चौकी के बाहर देर रात करीब 11 बजे तक धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, घायल भाजपा नेता एवं अधिवक्ता नटवर सिंह राजपुरोहित बुधवार शाम कचहरी से अपना काम निपटाकर कार से सियाणा गांव लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे जब वह आकोली और सियाणा के बीच आडवाड़ा गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आई एक कार में सवार अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।

इसके बाद बदमाशों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में नटवर सिंह राजपुरोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान आसपास अन्य लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की सहायता से घायल को सियाणा के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिरोही रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

हमले के विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी और राजपुरोहित समाज के लोग पुलिस चौकी के बाहर एकत्र हुए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं से घटना की पड़ताल कर रही है।

Share this story

Tags