जैसलमेर से हिरासत में लिया गया संदिग्ध जयपुर पहुंचाया गया, वीडियो में देंखे पाकिस्तान कनेक्शन की जांच तेज
जैसलमेर में पाकिस्तान से संभावित संबंधों के संदेह में हिरासत में लिए गए युवक को शुक्रवार देर रात कड़ी सुरक्षा के बीच जयपुर लाया गया। अब उससे संयुक्त जांच समिति (JIC) और विभिन्न खुफिया एजेंसियां गहन पूछताछ कर रही हैं। जांच का मुख्य फोकस उसके पाकिस्तान से संभावित संपर्कों और डिजिटल गतिविधियों पर है। सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवक के पाकिस्तान में कई लोगों के साथ सीधे संपर्क में रहने के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
मोबाइल और डिजिटल डिवाइस खंगाल रहीं एजेंसियां
जांच एजेंसियां संदिग्ध के मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की विस्तृत जांच कर रही हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने मोबाइल और ऑनलाइन माध्यमों से किस प्रकार की सूचनाएं, तस्वीरें या अन्य डेटा साझा किया था।
डिलीट डेटा की होगी फोरेंसिक जांच
सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध के डिवाइसों से डिलीट किए गए डेटा की भी पड़ताल की जा रही है। इसके लिए मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों को फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजने की तैयारी की जा रही है। विशेषज्ञ यह जांच करेंगे कि कहीं कोई महत्वपूर्ण जानकारी जानबूझकर हटाई तो नहीं गई।
खुफिया एजेंसियों की संयुक्त पूछताछ
आज जयपुर में विभिन्न केंद्रीय और राज्य स्तरीय खुफिया एजेंसियां संयुक्त रूप से संदिग्ध से पूछताछ कर रही हैं। जांचकर्ता यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि उसके पाकिस्तान स्थित संपर्कों का उद्देश्य क्या था और क्या उसने किसी संवेदनशील जानकारी का आदान-प्रदान किया था।
कई पहलुओं पर जांच जारी
फिलहाल एजेंसियां कॉल रिकॉर्ड, चैट हिस्ट्री, सोशल मीडिया गतिविधियों और डिजिटल संचार के अन्य माध्यमों की भी जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला सामान्य संपर्क का है या इसके पीछे कोई गंभीर सुरक्षा संबंधी पहलू जुड़ा हुआ है।सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक मामले में आधिकारिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। जांच पूरी होने तक कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

