कैरेकल कैट की सुरक्षा के लिए राजस्थान में देश का पहला ‘गोट बैंक’, वीडियो में देंखे रिवेंज किलिंग रोकने की अनोखी पहल
राजस्थान के जैसलमेर में दुर्लभ वन्यजीव कैरेकल कैट (सियागोश) के संरक्षण के लिए वन विभाग ने एक अनोखी और देश में पहली पहल शुरू करने की तैयारी की है। इसके तहत राज्य में ‘गोट बैंक’ (बकरी बैंक) स्थापित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य वन्यजीवों और ग्रामीणों के बीच होने वाले संघर्ष को कम करना है।यह पहल मार्च 2026 में हुई एक दर्दनाक घटना के बाद सामने आई है, जिसमें ग्रामीणों ने अपनी करीब 50 बकरियों के शिकार के शक में एक दुर्लभ कैरेकल को जिंदा जला दिया था। इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
अब इस तरह की “रिवेंज किलिंग” यानी प्रतिशोध में होने वाली वन्यजीव हत्या को रोकने के लिए वन विभाग ने यह नई योजना तैयार की है। इस प्रोजेक्ट को Wildlife Trust of India के सहयोग से लागू किया जा रहा है।योजना के तहत, यदि कैरेकल किसी पशुपालक की बकरी का शिकार करता है, तो मुआवजे की लंबी कागजी प्रक्रिया के बजाय सीधे ‘गोट बैंक’ से पशुपालक को एक नई बकरी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीणों का आर्थिक नुकसान तुरंत पूरा किया जा सकेगा और वन्यजीवों के खिलाफ बदले की भावना को रोका जा सकेगा।
वन विभाग का मानना है कि रेगिस्तानी इलाकों में कैरेकल जैसे दुर्लभ शिकारी वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास मौजूद है, लेकिन मानव और वन्यजीव संघर्ष के कारण उनकी संख्या पर खतरा बढ़ रहा है। ऐसे में यह योजना दोनों पक्षों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास है।विशेषज्ञों के अनुसार, यह मॉडल यदि सफल होता है तो इसे अन्य राज्यों में भी लागू किया जा सकता है, जहां मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं अधिक होती हैं। फिलहाल विभाग ने इस परियोजना की तैयारियां शुरू कर दी हैं और जल्द ही इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा।

