जब जयपुर सो रहा था, तब शहर को चमका रही थी निगम टीम; वीडियो में जाने रातभर चला ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’
शनिवार रात जब पूरा जयपुर गहरी नींद में था, उस समय शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम की टीमें सड़कों पर जुटी हुई थीं। नगर निगम की ओर से चलाया गया विशेष सफाई अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुआ, जो रविवार अलसुबह तक लगातार चलता रहा।इस बड़े अभियान में 2500 से ज्यादा सफाईकर्मियों और निगम कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। परकोटा और हेरिटेज क्षेत्र की संकरी गलियों, मुख्य बाजारों और सड़कों पर रातभर सफाई अभियान चलाया गया। टीमों ने सड़क किनारे जमा कचरा हटाया, नालियों की सफाई की और कई इलाकों में मशीनों से धुलाई भी की गई।
नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा खुद इस अभियान की निगरानी करते नजर आए। वे पूरी रात अलग-अलग इलाकों में मौजूद रहे और सफाई व्यवस्था का जायजा लेते रहे। खास बात यह रही कि कमिश्नर ने केवल अधिकारियों को निर्देश ही नहीं दिए, बल्कि खुद भी मौके पर कचरा उठाते दिखाई दिए। उनका यह अंदाज कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य हेरिटेज क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना और शहर को स्वच्छता में नई पहचान दिलाना है। परकोटा क्षेत्र में हर दिन बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, इसलिए यहां साफ-सफाई बनाए रखना बेहद जरूरी माना जाता है।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में कचरा संग्रहण वाहन, सफाई मशीनें और पानी के टैंकर लगाए गए। निगम की अलग-अलग टीमों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपी गई थी ताकि सफाई कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की। कई जगहों पर लोगों ने निगम कर्मचारियों का धन्यवाद किया और कहा कि लंबे समय बाद शहर में इस तरह का व्यापक सफाई अभियान देखने को मिला है। नगर निगम का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे, ताकि जयपुर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। निगम प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे शहर को साफ रखने में सहयोग करें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं।

