वीडियो में देंखे सीएम भजनलाल शर्मा का बयान—कार्यकर्ताओं से संयम और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक अनुशासन और व्यवहार को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अक्सर कार्यकर्ता यह शिकायत करते हैं कि उनका काम नहीं हो रहा है, लेकिन हर जगह एक ही बात दोहराने से माहौल सकारात्मक नहीं रहता।राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा कि जहां समाधान संभव हो, वहां अपनी बात रखना ठीक है, लेकिन जहां समाधान नहीं हो, वहां बार-बार शिकायत करने से कोई लाभ नहीं होता। उन्होंने कहा कि एक ही बात को कई जगह दोहराने से सार्वजनिक वातावरण प्रभावित होता है, इसलिए यह तय करना जरूरी है कि जनता के बीच कैसा माहौल बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि यह धारणा बनाना सही नहीं है कि मंत्री और विधायक काम नहीं करते। उन्होंने कहा कि कई बार जिन खास व्यक्तियों के माध्यम से काम करवाने की कोशिश की जाती है, वही आगे चलकर परेशानियों का कारण बनते हैं।सीएम भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसे जिम्मेदारी के साथ निभाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं का चयन सोच-समझकर किया गया है और समय आने पर सभी को उचित अवसर और सम्मान मिलेगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि संगठन और सरकार दोनों का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है, और इसके लिए आवश्यक है कि सभी स्तरों पर अनुशासन और सकारात्मक सोच बनी रहे। मुख्यमंत्री के इस बयान को संगठनात्मक कार्यशैली और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

