जयपुर में लूट करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़, वीडियो में जाने लिफ्ट के बहाने करते थे वारदात; दो आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान की राजधानी जयपुर में करणी विहार थाना पुलिस ने एक संगठित लूट गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी लूट की वारदातों को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम देते थे और उनके तरीके ने पुलिस को भी चौंका दिया है।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब पार्टी और ऐशो-आराम की जिंदगी के लिए लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। यह गिरोह पहले एक महिला मित्र को कार की फ्रंट सीट पर बैठाकर शहर में घूमता था, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
आरोपी बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड या ऐसे स्थानों पर घूमते थे जहां लोग लिफ्ट या वाहन का इंतजार कर रहे होते थे। वे लोगों को यह कहकर कार में बैठाते थे कि उन्हें भी उसी दिशा में जाना है। जैसे ही कोई व्यक्ति लिफ्ट लेने के लिए वाहन में बैठता था, पीछे बैठे उनके साथी सक्रिय हो जाते थे।चलती कार में ही आरोपी पीड़ितों के साथ मारपीट करते और उन्हें डराकर मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान छीन लेते थे। इतना ही नहीं, कई मामलों में वे पीड़ितों से जबरन ऑनलाइन पेमेंट ऐप के जरिए पैसे ट्रांसफर भी करवा लेते थे।
गिरोह के सदस्य वारदात के बाद फरार हो जाते थे और अलग-अलग इलाकों में छिपकर रहते थे। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने साथी संजय और अन्य लोगों के साथ मिलकर यह अपराध करते थे।करणी विहार थाना पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके फरार साथियों की तलाश में अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा हो सकता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और उनकी कार्यप्रणाली बेहद योजनाबद्ध थी। हालांकि समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने बड़ी वारदातों को होने से रोक दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

