जयपुर में दर्दनाक मामला, एक्सक्लूसिव फुटेज में जाने 4 साल की मासूम से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध करने पर परिजनों से मारपीट; पुलिस ने जांच शुरू की
जयपुर से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें 4 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 21 मई की रात की बताई जा रही है। आरोप है कि बच्ची अपने घर के पास सड़क पर खेल रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाले दो नाबालिग लड़के वहां पहुंचे। शिकायत में कहा गया है कि दोनों लड़कों ने बच्ची को गोद में उठाकर पास के एक खाली प्लॉट में ले गए।परिजनों के अनुसार, वहां मासूम के साथ छेड़छाड़ की गई। घटना के बाद बच्ची रोने लगी, जिसके बाद दोनों आरोपी लड़कों ने उसे वहीं छोड़ दिया और मौके से चले गए। कुछ देर बाद बच्ची की रोने की आवाज सुनकर परिजन वहां पहुंचे, जहां उसने पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजन आरोपियों के घर पहुंचे और विरोध जताया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और आरोप है कि इस दौरान पीड़ित परिवार के साथ मारपीट भी की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चूंकि आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं, इसलिए पुलिस किशोर न्याय कानून के तहत प्रक्रिया अपना रही है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की वास्तविकता स्पष्ट हो सके।इस घटना को लेकर इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

