जयपुर में दर्दनाक हादसा: झगड़े से बचकर भागे युवक को XUV ने रौंदा, फुटेज में देंखे मौत के बाद दोनों गाड़ियां फरार
जयपुर में गुरुवार रात एक सड़क हादसे ने एक युवक की जान ले ली। मामूली कार टच होने के बाद शुरू हुए विवाद में युवक जान बचाने के लिए भागा, लेकिन सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार XUV ने उसे रौंद दिया। हादसे के बाद आरोपी और टक्कर मारने वाली दोनों गाड़ियां मौके से फरार हो गईं।
कार टच से शुरू हुआ विवाद
घटना नारायण विहार थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, युवक अतुल वंदे मातरम रोड स्थित नारायण पेट्रोल पंप के पास अपनी कार बैक कर रहा था, तभी उसकी गाड़ी पीछे खड़ी दूसरी कार से हल्की टच हो गई।इसी बात पर दूसरी कार में बैठे लोग नाराज हो गए और उन्होंने पीछा कर अतुल को रोक लिया।
मारपीट से बचने के लिए भागा, सड़क पर हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, गाड़ी से उतरे लोगों ने अतुल के साथ मारपीट शुरू कर दी। खुद को बचाने के लिए वह सड़क पार कर भागने लगा। इसी दौरान तेज रफ्तार XUV गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद XUV उसके ऊपर से निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद दोनों गाड़ियां फरार
हैरानी की बात यह रही कि मारपीट करने वाले कार सवार और हादसा करने वाली XUV—दोनों ही मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर नारायण विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अतुल को जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।इसके बाद पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों वाहनों और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

