बकरीद पर जयपुर में बदला ट्रैफिक रूट, वीडियो में देंखे सुबह 6 से 10 बजे तक कई रास्ते बंद; पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
बकरीद के मौके पर जयपुर शहर में गुरुवार को ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। ईदगाह मस्जिद, जामा मस्जिद और जौहरी बाजार सहित कई प्रमुख स्थानों पर नमाज अदा की जाएगी। सबसे बड़ी नमाज सुबह 8 बजे ईदगाह में आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में नमाजियों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है।ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सुबह 6 बजे से 10 बजे तक कुछ प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। साथ ही कई इलाकों में पार्किंग पर भी रोक लगाई गई है ताकि नमाज के दौरान ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
पुलिस ने बताया कि टीपी नगर से धोबीघाट चौराहे तक का रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा। इस मार्ग पर सामान्य वाहनों की एंट्री नहीं होगी। धोबीघाट की ओर जाने वाले वाहनों को रामगढ़ मोड़ की तरफ से डायवर्ट किया जाएगा।इसके अलावा टीपी नगर से आने वाले वाहनों को गुरुद्वारा मोड़ और रोटरी सर्किल की ओर से भेजा जाएगा। वहीं रामगढ़ मोड़ से धोबीघाट की तरफ जाने वाले वाहनों को सुभाष चौक, माउंट रोड और जलमहल मार्ग से होकर गुजरना होगा।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करें और अनावश्यक रूप से पुराने शहर क्षेत्र में वाहन लेकर न जाएं। पुलिस का कहना है कि नमाज के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है।विशेष ट्रैफिक प्लान के तहत अतिरिक्त पुलिस बल और ट्रैफिक जवानों की तैनाती भी की गई है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस लगातार निगरानी रखेगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए भी हालात पर नजर रखी जाएगी।
बकरीद को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादा कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि त्योहार के दौरान धैर्य बनाए रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। लोगों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले अपने गंतव्य के लिए निकलें ताकि डायवर्जन के कारण परेशानी न हो। गौरतलब है कि हर साल बकरीद पर जयपुर के पुराने शहर और ईदगाह क्षेत्र में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में प्रशासन द्वारा पहले से ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाता है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

