आईपीएल जीतने के लिए टीम वर्क जरूरी, फुटेज में देंखे राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग
राजस्थान रॉयल्स के नए कप्तान रियान पराग ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आईपीएल जैसा बड़ा और प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट किसी एक या दो खिलाड़ियों के दम पर नहीं जीता जा सकता, बल्कि इसके लिए पूरी टीम का सामूहिक प्रदर्शन बेहद जरूरी होता है।
जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान पराग ने टीम संतुलन और खिलाड़ियों की भूमिका पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि एक सफल टीम वही होती है, जहां हर खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए योगदान देता है। पराग के अनुसार, टीम में कुछ बल्लेबाजों को पूरे सीजन में 700 रन तक बनाने होंगे, जबकि अन्य खिलाड़ियों को 400-400 रन का योगदान देना पड़ेगा।
उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों की भूमिका को भी अहम बताया। पराग ने कहा कि सिर्फ टॉप ऑर्डर ही नहीं, बल्कि लोअर ऑर्डर बल्लेबाजों को भी अच्छी औसत के साथ रन बनाने होंगे, ताकि टीम दबाव की स्थिति से बाहर निकल सके। इसके साथ ही उन्होंने गेंदबाजों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि विकेट लेने की निरंतरता बेहद जरूरी है।
पराग ने कहा कि अगर टीम का कोई एक गेंदबाज पूरे टूर्नामेंट में ‘पर्पल कैप’ की रेस में बना रहता है, तो इससे टीम को मजबूती मिलती है और जीत की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत प्रदर्शन के साथ-साथ टीम की एकजुटता ही सफलता की कुंजी है।
इस दौरान पराग ने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों रोहित शर्मा और विराट कोहली का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे इन दोनों खिलाड़ियों का कोई रिप्लेसमेंट नहीं है, वैसे ही संजू सैमसन का भी कोई विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने सैमसन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
रियान पराग के इस बयान से साफ है कि वह कप्तान के रूप में टीम को एकजुट रखकर संतुलित प्रदर्शन पर जोर दे रहे हैं। आगामी आईपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स के प्रदर्शन पर अब सभी की नजरें टिकी होंगी।

