जयपुर में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला ‘SVS गैंग’ पकड़ा गया, वीडियो में देंखे हत्या का आरोपी भी निकला शामिल
Jaipur में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। झोटवाड़ा इलाके में हुई ठगी की घटना के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक आरोपी हत्या के मामले में भी वांछित था।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में Sonu Vaishnav, वीरेंद्र सिंह और सद्दाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन तीनों ने अपने नाम के शुरुआती अक्षरों से मिलकर ‘SVS गैंग’ नाम का गिरोह बनाया हुआ था और यह लोग एटीएम बूथों पर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि गैंग का मास्टरमाइंड सोनू वैष्णव डीग जिले में हत्या के एक मामले में फरार चल रहा था। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए जयपुर आ गया था और यहां आकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी का नेटवर्क खड़ा कर लिया।घटना 26 अप्रैल की बताई जा रही है, जब झोटवाड़ा इलाके के एक एटीएम बूथ पर पैसे निकालने आए एक बुजुर्ग का एटीएम कार्ड धोखे से बदल लिया गया था। इसके बाद आरोपियों ने उस कार्ड का उपयोग कर पैसे निकाल लिए और फरार हो गए थे।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का रूट चार्ट तैयार किया और उनकी गतिविधियों को ट्रेस किया।तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनके संगठित गिरोह चलाने और कई जगह इसी तरह की ठगी करने की बात सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह एटीएम में खासतौर पर बुजुर्गों और कम जागरूक लोगों को निशाना बनाता था। वे बातचीत और मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदल लेते थे और फिर पैसे निकालकर फरार हो जाते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने और किन-किन जगहों पर इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। मामले की जांच आगे भी जारी है।

