Samachar Nama
×

राजस्थान में निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, एक्सक्लूसिव वीडियो में देंखे हाईवे पर हंगामा

राजस्थान में निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, एक्सक्लूसिव वीडियो में देंखे हाईवे पर हंगामा

राजस्थान में निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल का असर अब और उग्र रूप लेता नजर आ रहा है। राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में बस संचालन पूरी तरह ठप रहा, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गुरुवार को जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर हड़ताली ऑपरेटरों ने कई प्राइवेट बसों को रुकवा दिया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बसों के ड्राइवर और कंडक्टर के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें जूतों की माला पहनाकर विरोध जताया। इस घटना से हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। वहीं अलवर में भी हड़ताल में शामिल ऑपरेटरों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर जुटे ऑपरेटरों ने अपनी मांगों को लेकर सरका के खिलाफ आवाज उठाई।

हड़ताल का सबसे ज्यादा असर आम यात्रियों और छात्रों पर देखने को मिल रहा है। बीकानेर में परीक्षा देने जा रही छात्राओं को बस नहीं मिलने पर परेशानी का सामना करना पड़ा। कई छात्राएं परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए साधन नहीं मिलने से रोती हुई नजर आईं। परिजनों ने भी हड़ताल के बीच वैकल्पिक व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई। दरअसल, निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल के कारण प्रदेशभर में करीब 35 हजार बसों का संचालन बंद है। इसका असर राज्य के भीतर ही नहीं, बल्कि अंतरराज्यीय मार्गों पर भी पड़ा है। अन्य राज्यों से आने-जाने वाली बसें बंद होने से होली के त्योहार पर घर लौटने वाले लोग अलग-अलग राज्यों में फंसे हुए हैं। बस स्टैंडों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और यात्रियों को निजी वाहनों या महंगे किराए पर टैक्सी का सहारा लेना पड़ रहा है। परिवहन व्यवस्था चरमराने से व्यापार और दैनिक आवागमन भी प्रभावित हुआ है।

प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सरकार और बस ऑपरेटरों के बीच बातचीत के प्रयास जारी हैं, लेकिन फिलहाल हड़ताल समाप्त होने के संकेत नहीं मिले हैं। तीसरे दिन भी जारी इस हड़ताल ने प्रदेश की यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है और आमजन जल्द समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Share this story

Tags