जयपुर में 2200 करोड़ की जमीन पर अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, वीडियो में देंखे कार्रवाई कुछ देर के लिए रोकी गई
राजधानी जयपुर में गुरुवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब बीटू बाइपास से द्रव्यवती नदी तक स्थित करीब 42 बीघा जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची हाउसिंग बोर्ड की टीम पर पथराव किया गया। यह जमीन लगभग 2200 करोड़ रुपये मूल्य की बताई जा रही है और हाउसिंग बोर्ड की अवाप्तशुदा भूमि है।हाईकोर्ट के आदेश के बाद इस जमीन का कब्जा लेने के लिए प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची थी। उप-आवासन आयुक्त संजय शर्मा के नेतृत्व में टीम जेसीबी मशीनों के साथ कार्रवाई के लिए पहुंची और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों से जमीन पर बनी बाउंड्री वॉल, अस्थायी कोठरियों और अन्य अवैध निर्माणों को तोड़ा जा रहा था। इसी दौरान वहां रह रहे कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण हो गई। प्रशासन के अनुसार, विरोध कर रहे लोगों में कुछ महिलाओं ने जेसीबी मशीनों की ओर पत्थर फेंके, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना के बाद हाउसिंग बोर्ड की टीम ने कुछ समय के लिए कार्रवाई रोक दी।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के कारण माहौल कुछ देर तक तनावपूर्ण बना रहा। सुरक्षा कारणों से पुलिस बल को भी मौके पर तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में की जा रही है और अवैध कब्जों को हटाना आवश्यक है। वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोग इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि वे लंबे समय से यहां रह रहे हैं। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे की कार्रवाई को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।

