तेज रफ्तार सफारी कार ने नर्स को टक्कर मारी, उछलकर सड़क पर गिरी महिला, पैर की हड्डी टूटी, CCTV आया सामने
राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार वाहनों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार सुबह शहर के न्यू सांगानेर रोड इलाके में एक तेज रफ्तार सफारी कार ने स्कूटी सवार महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला उछलकर सड़क पर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला की पहचान मेवा देवी के रूप में हुई है। हादसे में उनके पैर की हड्डी टूट गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला न्यू सांगानेर रोड स्थित रजत पथ चौराहा पार कर रही थीं। इसी दौरान वीर तेजा जी रोड की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही सफेद रंग की सफारी कार ने लापरवाही से स्कूटी को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला कई फीट दूर जाकर गिरीं। हादसे के समय सफारी में चालक के साथ एक महिला भी मौजूद थी। लेकिन दुर्घटना के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में तेज रफ्तार वाहनों की समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसके बावजूद ट्रैफिक नियमों की अनदेखी जारी है।
मामले में गुरुवार सुबह पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बावजूद लोग ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

