जयपुर में शुरू हुई ‘दहाड़’ सीजन-2 की शूटिंग, वीडियो मे देखें 5 साल बाद सोनाक्षी सिन्हा फिर सख्त पुलिस अधिकारी के रोल में दिखेंगी
बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी चर्चित वेब सीरीज दहाड़ के दूसरे सीजन की शूटिंग शुरू कर दी है। इन दिनों जयपुर की विभिन्न लोकेशनों पर सीरीज की शूटिंग जोरों पर चल रही है। शहर के कई हिस्सों में फिल्मांकन के चलते स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता देखने को मिल रही है।
सीरीज के नए सीजन में सोनाक्षी एक बार फिर सख्त और संवेदनशील पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगी। शूटिंग के दौरान वे अपनी टीम के साथ एक बड़े अपराध की जांच करती दिखाई दे रही हैं। हाल ही में वैशाली नगर क्षेत्र में फिल्माए गए एक दृश्य में क्राइम इन्वेस्टिगेशन की झलक देखने को मिली।
बताया जा रहा है कि इस सीन में पुलिस कर्मचारी की भूमिका निभा रही एक अन्य अभिनेत्री स्कूटी से क्राइम सीन पर पहुंचती नजर आई। वह मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाती है। इसके बाद वह पूरी जांच से जुड़ी शुरुआती रिपोर्ट सोनाक्षी सिन्हा के किरदार के साथ साझा करती दिखाई देती है। इस दौरान आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए थे, ताकि शूटिंग में कोई व्यवधान न आए।
जयपुर के अलग-अलग इलाकों को सीरीज की कहानी के अनुरूप क्राइम लोकेशन के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शूटिंग के दौरान पुलिस की वर्दी में कलाकारों को देखकर कुछ देर के लिए वास्तविक स्थिति का आभास होने लगा था।
‘दहाड़’ के पहले सीजन को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। अपराध और मनोवैज्ञानिक थ्रिलर पर आधारित इस सीरीज में सोनाक्षी के अभिनय की काफी सराहना हुई थी। ऐसे में दूसरे सीजन को लेकर दर्शकों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस बार कहानी पहले से ज्यादा जटिल और रहस्यमयी बताई जा रही है, जिसमें एक बड़े आपराधिक नेटवर्क की जांच दिखाई जाएगी। हालांकि, मेकर्स की ओर से कहानी के बारे में आधिकारिक जानकारी फिलहाल साझा नहीं की गई है।
जयपुर में चल रही शूटिंग के चलते शहर एक बार फिर फिल्मी गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। इससे पहले भी कई फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग यहां हो चुकी है। फिलहाल, ‘दहाड़’ सीजन-2 की रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि शूटिंग पूरी होने के बाद इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम किया जाएगा। दर्शकों को अब इस बात का इंतजार है कि सोनाक्षी सिन्हा इस बार किस नए अंदाज में अपराधियों पर ‘दहाड़’ लगाती नजर आएंगी।

