नशे के लिए पैसे नहीं मिले तो बेटे ने मां की कर दी हत्या, चेहरे पर चाकू से किए वार; फुटेज में देंखे आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान की राजधानी जयपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नशे के लिए रुपये नहीं मिलने से गुस्साए एक युवक ने अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले मां का सिर दीवार पर दे मारा और फिर चाकू से चेहरे पर कई वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
यह वारदात खोह-नागोरियान थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार सुबह आरोपी अनिल बैरवा, पुत्र हजारीलाल बैरवा, निवासी जैतपुर (गंगापुर सिटी) को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी (वेस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया था और फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर दबिश देकर उसे खोह-नागोरियान इलाके से पकड़ लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है। पुलिस के अनुसार, उसने नशे के लिए अपनी मां पन्नी देवी से पैसे मांगे थे। रुपये देने से इनकार करने पर उसने गुस्से में इस वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। यह घटना नशे की लत के गंभीर दुष्परिणामों को एक बार फिर उजागर करती है, जहां नशे की गिरफ्त में आया बेटा अपनी ही मां का हत्यारा बन गया।

