Samachar Nama
×

जयपुर में ज्वेलरी शॉप से 7 लाख के चांदी के गहने चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी

जयपुर में ज्वेलरी शॉप से 7 लाख के चांदी के गहने चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी

राजधानी जयपुर में चोरों ने एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। सोडाला क्षेत्र के फुटलिया बाग स्थित श्री श्याम ज्वैलर्स में गुरुवार तड़के शटर का ताला तोड़कर घुसे बदमाश ने करीब 7 लाख रुपये के चांदी के गहने चोरी कर लिए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

रात 2 बजे ताला तोड़कर दुकान में घुसा चोर

पुलिस के अनुसार, गायत्री नगर निवासी विजय सोनी ने सोडाला थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि बुधवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात एक बदमाश चोरी की नीयत से दुकान पर पहुंचा और शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गया।सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, आरोपी रात करीब 2 बजे दुकान में दाखिल हुआ और करीब 15 से 20 मिनट तक अंदर रहा।

काउंटर से समेटे लाखों के गहने

दुकान में घुसने के बाद आरोपी ने सीधे काउंटर में रखे चांदी के गहनों को निशाना बनाया। उसने गहनों को एक थैले में भरा और मुख्य गेट से फरार हो गया। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी दुकान का ताला तोड़ते, अंदर जाकर गहने समेटते और थैला लेकर भागते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद सोडाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

आसपास के कैमरों की भी जांच

पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी के आने-जाने के रास्ते और उसकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।

Share this story

Tags