जयपुर में युवती से गैंगरेप की वारदात से सनसनी, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे परिचित को बंधक बनाकर तीन युवकों ने किया दुष्कर्म
राजस्थान की राजधानी जयपुर में 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की दर्दनाक घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि तीन युवकों ने युवती के परिचित युवक की पिटाई कर उसे बंधक बनाया और फिर सुनसान जगह पर ले जाकर युवती के साथ गैंगरेप किया। घटना के बाद आरोपी युवती को जंगल में छोड़कर फरार हो गए।पुलिस के मुताबिक, यह घटना 23 मई की बताई जा रही है। पीड़िता अपने एक परिचित युवक के साथ मंदिर गई थी। दोनों मंदिर के पास पहाड़ी क्षेत्र में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और दोनों से विवाद करने लगे। आरोपियों ने पहले युवती के साथी युवक के साथ मारपीट की और फिर उसे जबरन बंधक बना लिया।
इसके बाद आरोपी युवती को सुनसान इलाके में ले गए, जहां तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती को जंगल क्षेत्र में छोड़कर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर निकली और देर शाम अपने घर पहुंची।घर पहुंचने के बाद युवती ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग तुरंत सदमे में आ गए और अगले दिन यानी 24 मई को पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे। वहां युवती ने पुलिस को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से कुछ अन्य महिलाओं के संदिग्ध वीडियो भी मिले हैं। इन वीडियो को देखकर पुलिस को आशंका है कि आरोपी पहले भी महिलाओं को निशाना बनाकर इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल में मिले वीडियो और अन्य डिजिटल सबूतों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं आरोपी किसी संगठित गिरोह का हिस्सा तो नहीं हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वीडियो बनाकर महिलाओं को ब्लैकमेल करने जैसी गतिविधियां तो नहीं की गईं।
घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। महिला सुरक्षा को लेकर भी एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत किए जाने की जरूरत है।पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है। फिलहाल इस घटना ने जयपुर समेत पूरे राजस्थान में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है और लोग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

