'RLP कार्यकर्ताओं की मंशा मेरी हत्या करने की थी', मदन राठौड़ का बड़ा आरोप; वीडियो में बोले- बेनीवाल जैसे बहुत देखे हैं
राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मंशा केवल विरोध प्रदर्शन करने की नहीं, बल्कि उनकी हत्या करने की थी। राठौड़ ने कहा कि यदि कार्यकर्ता केवल ज्ञापन देना चाहते तो वे स्वयं वाहन से उतरकर ज्ञापन लेने को तैयार थे, लेकिन उनकी गाड़ी पर डंडों से हमला किया गया।
'ज्ञापन देना होता तो मैं खुद बाहर आ जाता'
मदन राठौड़ ने कहा कि पूरे राजस्थान में लोग उनके स्वभाव को जानते हैं और वे हमेशा संवाद के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा, "अगर वे मुझे ज्ञापन देना चाहते तो मैं खुद गाड़ी से उतरकर उनसे ज्ञापन ले लेता, लेकिन उन्होंने मेरी कार पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए।"
'तब समझ गया कि मंशा कुछ और है'
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जैसे ही उनकी गाड़ी पर हमला हुआ, उन्हें एहसास हो गया कि प्रदर्शनकारियों का उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना नहीं था।
उन्होंने कहा, "जब मेरी कार पर डंडे बरसाए गए, तब मैं समझ गया कि उनकी मंशा मेरी हत्या करने की है। ऐसे में बाहर निकलने का कोई सवाल ही नहीं था।"
बेनीवाल पर भी साधा निशाना
मदन राठौड़ ने RLP प्रमुख और सांसद हनुमान बेनीवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे इस तरह की राजनीति से घबराने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा, "बेनीवाल जैसे बहुत देखे हैं। उनके लिए तो मैं अकेला ही काफी हूं। यह बाजू आजमाए हुए हैं, कोई चिंता की बात नहीं है।"
राजनीतिक बयानबाजी हुई तेज
राठौड़ के इस बयान के बाद राजस्थान की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। हाल के दिनों में भाजपा और RLP के बीच कई मुद्दों को लेकर राजनीतिक टकराव देखने को मिला है। ऐसे में प्रदेशाध्यक्ष का यह बयान राजनीतिक माहौल को और गर्मा सकता है।

